दरवाजा टूटने से मची अफरातफरी, 9 लोगों को लेकर सुरक्षित लौटा प्राइवेट जेट

jet
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। अबूजा से लागोस जा रही एक प्राइवेट जेट का दरवाजा टेकऑफ के कुछ ही देर बाद हजारों फीट की ऊंचाई पर हवा में टूटकर अलग हो गया। इस खौफनाक घटना के बाद पायलट ने तुरंत ‘मेडे’ (Mayday) कॉल दी और अबूजा के नम्नदी अजिकिवे इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Nnamdi Azikiwe International Airport) पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

विमान में तीन क्रू मेंबर और छह यात्रियों सहित कुल 9 लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस घटना में सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। नाइजीरियाई सुरक्षा जांच ब्यूरो (NSIB) ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

3500 फीट की ऊंचाई पर अलग हुआ दरवाजा

NSIB के अनुसार, यह घटना गुरुवार, 15 अक्टूबर को हुई। ट्राइटन एविएशन (Triton Aviation) द्वारा संचालित ‘चैलेंजर 604’ (Challenger 604) विमान ने अबूजा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद, जब विमान एयरपोर्ट से लगभग तीन नॉटिकल मील दूर था और 3,500 फीट की ऊंचाई पार कर रहा था, तभी उसका मुख्य दरवाजा विमान के ढांचे (Fuselage) से अलग होकर नीचे गिर गया।

चालक दल ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को तुरंत इसकी सूचना दी और इमरजेंसी घोषित कर दी।

पायलटों ने ATC से मांगी मदद, वापस मोड़ा गया विमान

नाइजीरियाई मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलटों ने शुरुआत में ATC को बताया कि उड़ान के दौरान एक दरवाजा खुल गया है। वे यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि वह दरवाजा अभी भी विमान से जुड़ा है या हवा में गिर चुका है। क्रू ने वापसी के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स से दूरबीन की मदद से विमान का विजुअल इंस्पेक्शन (Visual Inspection) करने का भी अनुरोध किया। हालांकि, विमान की पोजिशन और एंगल के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि दरवाजा अपनी जगह पर है या नहीं।

कंट्रोलर्स ने तुरंत पायलटों को अबूजा लौटने का निर्देश दिया। विमान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए रनवे पर फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू टीम और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया था। इसके बाद विमान ने अबूजा एयरपोर्ट के रनवे 22 पर सुरक्षित रूप से आपातकालीन लैंडिंग की।

खेत में मिला विमान का दरवाजा, जांच के आदेश

बाद में, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान से टूटकर गिरा वह दरवाजा अबूजा के पास एक खेत में पड़ा मिला। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए, जिनमें स्थानीय लोग विमान के इस टूटे हुए हिस्से को देखते और उसकी जांच करते नजर आ रहे हैं।

NSIB ने बाद में पुष्टि की कि दरवाजे को बरामद कर लिया गया है और तकनीकी जांच के लिए उसे रेकेज हैंगर (Wreckage Hangar) में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

सैन मैरिनो में रजिस्टर्ड है ‘चैलेंजर 604’

जांच में सामने आया है कि यह प्राइवेट जेट सैन मैरिनो (San Marino) में रजिस्टर्ड है और उड़ान के दौरान इसका फ्लाइट आइडेंटिफिकेशन DWC052 था।

नाइजीरिया के विमानन दुर्घटना जांचकर्ताओं ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि उड़ान के दौरान दरवाजा किन परिस्थितियों में अलग हुआ। ब्यूरो के महानिदेशक कैप्टन एलेक्स बदेह जूनियर ने कहा कि जांच चल रही है और इसके नतीजे आने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी (Mechanical Failure), मेंटेनेंस की कमी या किसी अन्य कारण से हुआ था।