नॉनवेज पर BJP और सपा आमने-सामने, जानिए रामजी लाल सुमन ने क्या कहा

समाजवादी पार्टी (SP) के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने उत्तर प्रदेश में नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि पीलीभीत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद ने नवरात्रि के दिनों में नॉनवेज खाया। हालांकि, वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे भी किए जा रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस फुटेज को आधार बनाते हुए सपा नेतृत्व पर सीधा हमला बोल दिया है।
सपा सांसद का जवाब- ‘राजनीति का स्तर इतना नीचे आ गया?’
वायरल वीडियो पर मचे बवाल के बीच रामजी लाल सुमन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। सपा सांसद ने सवाल उठाया कि राजनीति में मुख्य रूप से वैचारिक और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन अब राजनीति का स्तर इतना नीचे आ गया है कि कौन क्या खाता-पीता है, इस पर बहस हो रही है।
विवाद को तूल देने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह केवल ऐसे लोगों की ‘बुद्धि शुद्धि’ की प्रार्थना कर सकते हैं, जो खान-पान के मुद्दों को जबरन राजनीतिक रंग दे रहे हैं।
BJP विधायक का आरोप- ‘वोट बैंक के लिए आस्था को ठेस’
दूसरी तरफ, गाजियाबाद की लोनी सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा पूरी तरह से मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए ऐसा कर रही है।
विधायक ने कहा कि नवरात्रि के पवित्र दिनों में इस तरह का व्यवहार करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी लंबे समय से सनातन विरोधी राजनीति करती आ रही है और महज वोट बैंक की खातिर किसी भी हद तक जा सकती है।
एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ यह मामला अब तीखी राजनीतिक बहस में तब्दील हो चुका है। भाजपा विधायक ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और आगामी चुनावों में वह इसका जवाब जरूर देगी।

