गरबा से पहले दीवारों पर दिखे ‘लव जिहाद’ के पोस्टर, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों से पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया है। शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कई जगहों पर ‘लव जिहाद से सावधान’ लिखे पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में गरबा पंडालों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की गई है।
मॉल और बाजारों की दीवारों पर दिखे पोस्टर
यह पोस्टर सिविल लाइंस इलाके के भीड़भाड़ वाले हाई स्ट्रीट मार्केट और वेव सिनेमा मॉल के आसपास की दीवारों पर चिपकाए गए हैं। पोस्टरों के जरिए विशेष रूप से हिंदू महिलाओं और युवतियों से गरबा कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
पहचान छिपाकर एंट्री का आरोप
चिपकाए गए पोस्टरों में यह आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग अपनी असली पहचान छिपाकर गरबा और डांडिया पंडालों में प्रवेश कर सकते हैं। इसी दावे के आधार पर आयोजकों और स्थानीय लोगों से गैर-हिंदुओं की एंट्री रोकने को कहा गया है।
पोस्टर लगाने वालों की पहचान अज्ञात
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि शहर में ये पोस्टर किसने लगाए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात हिंदू संगठन की ओर से यह कदम उठाया गया है। अब तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सार्वजनिक स्थानों पर विवादित पोस्टर सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि रात के अंधेरे या दिन में पोस्टर चिपकाने वालों की पहचान की जा सके। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से शहर में होने वाले सभी गरबा और डांडिया आयोजनों पर भी अपनी नजर बनाए रखी है।

