‘2017 से पहले बेटियों के सपनों पर पहरा था’, नवरात्रि पर विपक्ष पर बरसे योगी

CM-Yogi-2
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि के छठे दिन (षष्ठी तिथि) और मां कात्यायनी की पूजा के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और खेलों के बुनियादी ढांचे में हुए बड़े बदलावों का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्त बाधाओं और आसुरी प्रवृत्तियों का संहार करने वाली मां कात्यायनी नारीशक्ति के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अजेय पराक्रम का प्रतीक हैं।

‘2017 से पहले भय और अराजकता का माहौल था’

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए पिछली सपा सरकार के कार्यकाल को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा कि 2017 से पहले प्रदेश में भय और अराजकता का ऐसा माहौल था, जहां बेटियों के सपनों पर पहरे थे और उनके हौसलों पर बंदिशें लगी हुई थीं।

उन्होंने आरोप लगाया, “खेल के मैदान माफिया के कब्जे में थे, संसाधन नदारद थे और बेटियों की उड़ान को पंख देने के बजाय, उनके सपनों को चारदीवारी में कैद कर दिया गया था। प्रतिभा अवसर के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर थी।”

‘अब भय की जगह सुरक्षा और उपेक्षा की जगह प्रोत्साहन’

अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत साढ़े 9 वर्षों में (केंद्र और राज्य सरकार के संदर्भ में) प्रदेश में बदलाव की नई गाथा लिखी गई है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में भय का स्थान सुरक्षा ने और उपेक्षा का स्थान प्रोत्साहन ने ले लिया है। संसाधनों के अभाव को खेल सुविधाओं के विस्तार से दूर किया गया है।

उन्होंने बताया कि गांव के खेल मैदानों और ब्लॉक स्तरीय मिनी स्टेडियम से लेकर मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तक, आज बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच मिल रहा है।

‘पदक लाओ, पद पाओ’ से खिलाड़ियों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने आस्था और विरासत के साथ-साथ खेलों में विकास का जिक्र करते हुए कहा कि अब राज्य में ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति के तहत खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो रही है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को करोड़ों रुपये के नकद पुरस्कार और राजपत्रित पदों पर नौकरियां दी जा रही हैं। सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन, उनकी उपलब्धियों को सम्मान और भविष्य को सुरक्षा प्रदान कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यूपी की बेटियों का जलवा

सीएम योगी ने कहा कि इस परिवर्तन की गूंज अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी साफ सुनाई दे रही है। उन्होंने यूपी की उन बेटियों का जिक्र किया जिन्होंने विश्व स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है:

  • एथलेटिक्स: पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी

  • जूडो: अस्मिता डे

  • क्रिकेट: दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह

  • हॉकी: वंदना कटारिया

  • कुश्ती: दिव्या काकरान

उन्होंने कहा कि इन महिला खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि सुरक्षा और सही माहौल मिलने पर प्रदेश की बेटियां हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।