‘कौन अध्यक्ष?’ पर भिड़े अजय राय-ममता चौधरी के समर्थक,चले जूते

congress
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (UP Congress Headquarters) से एक हैरान करने वाला घटनाक्रम सामने आया है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के ही दो गुट खुलेआम आपस में भिड़ गए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर हाथापाई हुई और दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर जूते फेंके गए।

विवाद की शुरुआत: ‘कौन अध्यक्ष?’ का तंज

चश्मदीदों के मुताबिक, यह पूरा हंगामा तब शुरू हुआ जब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस हेडक्वार्टर पहुंचे। वहां पहले से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद थी। अजय राय के समर्थकों ने भीड़ से रास्ता मांगते हुए कहा कि ‘अध्यक्ष जी के निकलने के लिए जगह दे दीजिए।’

बताया जा रहा है कि यह सुनते ही महिला प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी के खेमे की तरफ से आवाज आई— ‘कौन अध्यक्ष?’ इस तंज के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई।

अपशब्दों का आरोप और हाथापाई

देखते ही देखते यह मौखिक बहस हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। अजय राय के खेमे का आरोप है कि ममता चौधरी के समर्थकों ने उनके नेता के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद राय के समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया। कुछ ही देर में स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि दफ्तर के अंदर दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई और एक-दूसरे पर जूते उछाले गए।

अजय राय ने की ममता चौधरी को निष्कासित करने की मांग

इस हंगामे के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंच पर मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद से पूरे घटनाक्रम की कड़ी शिकायत की।

अजय राय ने ममता चौधरी और उनके समर्थकों पर सीधे तौर पर अनुशासनहीनता और पार्टी का नाम खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि अगर ऐसे लोग कांग्रेस का हिस्सा रहेंगे तो पार्टी की छवि बिगड़ेगी, इसलिए ममता चौधरी जैसे लोगों को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।