‘सरपंच बनाओ, कुंवारों की शादी कराऊंगी’, जरूरत पड़ी तो बिहार भी जाऊंगी

आमतौर पर पंचायत चुनावों में सड़क, नाली, बिजली और पानी की व्यवस्था जैसे वादे ही सुनाई देते हैं, लेकिन राजस्थान के झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ तहसील के गांव झाझड़ में सरपंच पद की एक दावेदार ने बेहद अलग चुनावी दांव चला है। चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहीं अनिता सैनी ने ग्रामीणों से वादा किया है कि यदि वे सरपंच चुनी जाती हैं, तो गांव में 24 घंटे मुफ्त एंबुलेंस सेवा देंगी और गांव के कुंवारे लड़कों की शादी करवाने की पूरी गारंटी लेंगी। अनिता का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और पूरे इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
‘चाहे बिहार जाना पड़े, रिश्ते ढूंढकर शादी करवाऊंगी’
चुनावी समर में उतरने जा रहीं अनिता सैनी ने गांव के उन युवकों का मुद्दा उठाया है जो लंबे समय से शादी के लिए परेशान हैं। अनिता ने दावा किया कि अगर गांव वाले उन्हें मौका देते हैं, तो वह गांव के सभी अविवाहित युवकों का विवाह कराने की जिम्मेदारी खुद उठाएंगी।
वायरल वीडियो में उन्होंने कहा कि लड़कों के लिए रिश्ते तलाशने के सिलसिले में उन्हें चाहे दूसरे गांवों के चक्कर काटने पड़ें या फिर बिहार तक जाना पड़े, वह रिश्ते तय कराकर शादी करवाकर ही दम लेंगी। अनिता ने इस बात की लिखित गारंटी देने की बात भी कही है।
24 घंटे फ्री एंबुलेंस सेवा देने की भी गारंटी
विवाह कराने के वादे के साथ-साथ अनिता सैनी ने गांव की बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि सड़क और नाली जैसे विकास कार्य तो कोई भी प्रतिनिधि करा सकता है, लेकिन उनकी प्राथमिकता आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था होगी।
अनिता ने घोषणा की कि पंचायत चुनाव जीतने के बाद वह झाझड़ गांव के निवासियों के लिए 24 घंटे मुफ्त एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था करेंगी, ताकि किसी भी ग्रामीण को आपात स्थिति में इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने इस वादे पर भी लिखित में देने की बात कही है।
वीडियो के जरिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों से समर्थन की अपील
अनिता सैनी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने पहले भी एक वीडियो पोस्ट किया था, जिस पर लोगों का अच्छा समर्थन मिला था। अब वे चाहती हैं कि उनका यह संदेश झाझड़ गांव के हर घर तक पहुंचे।
उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि अगर उनके कोई रिश्तेदार या परिचित झाझड़ गांव में रहते हैं, तो वे उन तक यह वीडियो जरूर पहुंचाएं ताकि उन्हें एक बार सरपंच बनने का मौका मिल सके। कुंवारों के विवाह और मुफ्त एंबुलेंस से जुड़े इन दो वादों ने झाझड़ गांव समेत पूरे नवलगढ़ इलाके के चुनावी माहौल में चर्चा छेड़ दी है।

