ध्रुव राठी गुरुग्राम से हिरासत में, दिल्ली में 150 प्रदर्शनकारी भी डिटेन

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा/CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस आंदोलन का लगातार समर्थन कर रहे यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया है। उधर, राजधानी दिल्ली में भी पुलिस ने धरपकड़ तेज कर दी है और नई दिल्ली इलाके के विभिन्न स्थानों से अब तक करीब 150 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया जा चुका है।
सेक्टर-67 स्थित आवास से ध्रुव राठी हिरासत में
ध्रुव राठी गुरुग्राम के सेक्टर-67 में रहते हैं। शनिवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की उनकी योजना के बीच पुलिस टीम उनके आवास पर पहुंची और उन्हें वहीं से हिरासत में ले लिया। राठी पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कॉकरोच जनता पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन का खुला समर्थन कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने खारिज की थी प्रदर्शन की अर्जी
इस प्रदर्शन को देखते हुए पूरी राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सुरक्षा कारणों और प्रक्रियागत औपचारिकताओं को पूरा न किए जाने के चलते इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रदर्शन स्थल और नई दिल्ली को जोड़ने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर पहले से ही नाकेबंदी कर रखी है।
नई दिल्ली में 150 प्रदर्शनकारी हिरासत में, रणनीतिक ठिकानों पर फोर्स
प्रदर्शनकारियों को आयोजन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने शहर के कई रणनीतिक ठिकानों पर जवानों की भारी तैनाती की है। पुलिस की टीमें लगातार संदिग्धों और जमावड़े पर नजर रख रही हैं।
एहतियातन कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक नई दिल्ली क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से लगभग 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले चुकी है, ताकि किसी भी अनधिकृत जमावड़े को समय रहते रोका जा सके।

