दिल्ली में आज CJP का प्रदर्शन, जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम क्यों?

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर शनिवार (10 अक्टूबर) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गई है। दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के बावजूद सीजेपी ने ‘जंतर-मंतर-2.0’ का आह्वान किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर में 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि यातायात, मेट्रो और रेल सेवाओं पर इसका व्यापक असर पड़ा है।
1.5 किलोमीटर का इलाका ‘सेंसिटिव जोन’ घोषित, 300 कैमरों से निगरानी
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर, जनपथ, चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस मुख्यालय के 1.5 किलोमीटर के दायरे को ‘सेंसिटिव जोन’ (संवेदनशील क्षेत्र) घोषित किया है। केवल इसी इलाके में 6,500 से अधिक जवान तैनात हैं।
हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर 300 हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं। जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने और बिना अनुमति जुलूस निकालने पर सख्त पाबंदी है।
सीमाओं पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात, अवैध प्रवेश पर चेतावनी
गाजीपुर, टिकरी, कालिंदी कुंज और लोनी जैसे सभी प्रमुख बॉर्डर्स पर सुबह से ही कड़ी बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्सेज और बीएसएफ (BSF) के जवानों को मोर्चे पर लगाया गया है।
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल ने स्पष्ट किया है कि सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि गाजियाबाद या यूपी की तरफ से अवैध रूप से दिल्ली में घुसकर प्रदर्शन में शामिल होने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुस्लिम युवाओं से इस प्रदर्शन से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
जनजीवन बेहाल: मेट्रो, ट्रेन और 30 रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित
सुरक्षा कारणों से आम लोगों की आवाजाही पर भारी ब्रेक लग गया है:
-
मेट्रो: दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशनों पर 9 अक्टूबर रात 9 बजे से 10 अक्टूबर शाम 6 बजे तक आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
-
ट्रेनें: उत्तर रेलवे ने 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच 170 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। कई ट्रेनों को गाजियाबाद तक ही सीमित कर दिया गया है।
-
ट्रैफिक डायवर्जन: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 6 बजे से नई दिल्ली की ओर जाने वाले लगभग 30 प्रमुख रास्तों (धौला कुआं, मंडी हाउस, आईटीओ, कनॉट प्लेस आदि) पर डायवर्जन लागू किया है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट जाने वालों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है।
‘सरकार को किस बात का डर है?’: अभिजीत दीपके
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंच रहे हैं। दिल्ली कूच से पहले दीपके ने केंद्र सरकार और पुलिस की इस भारी तैनाती पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “मुझे हैरानी होती है कि इस देश के प्रधानमंत्री युवाओं से इतना क्यों डरते हैं। सभी रेलवे सेवाएं और मेट्रो रोकने की क्या जरूरत थी? जम्मू-कश्मीर और नक्सल प्रभावित इलाकों से सुरक्षा बलों को बुलाकर दिल्ली में तैनात किया गया है। क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने खास हैं कि वे अपने ही नागरिकों पर पुलिस और सेना की ताकत का इस्तेमाल करेंगे?” दूसरी तरफ, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस भारी सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
2000 करोड़ रुपये के व्यापारिक नुकसान की आशंका
प्रदर्शन और बंदी के आह्वान का सीधा असर दिल्ली के व्यापार पर भी पड़ रहा है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अनुसार, जंतर-मंतर और आसपास के बाजारों में बंदी और भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण आज दिल्ली में लगभग 2000 करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित होने का अनुमान है। कनॉट प्लेस, जनपथ और शांगरी-ला होटल के आसपास भारी सुरक्षाबलों की तैनाती के कारण व्यावसायिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हैं।

