जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन, राहुल चेन्नई में और सोनम वांगचुक लद्दाख में

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए विरोध-प्रदर्शन से मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पूरी तरह दूरी बना ली है। पिछले तीन-चार दिनों से दिल्ली में चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को राजधानी में मौजूद नहीं हैं। वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चेन्नई रवाना हो रहे हैं, जहां वे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे।
कांग्रेस पार्टी ने CJP के इस आंदोलन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और खुद को इस प्रदर्शन से पूरी तरह अलग रखा है।
चेन्नई के कार्यक्रम में शामिल होंगे राहुल गांधी
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, वहीं राजनीतिक गलियारों में राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी चर्चा में है। राहुल गांधी बीते तीन दिनों से लगातार दिल्ली में ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर विरोध दर्ज करा रहे थे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी का चेन्नई दौरा पहले से तय था। वे शनिवार सुबह दिल्ली से सीधे तमिलनाडु की राजधानी के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वे छात्रों के साथ संवाद सत्र में हिस्सा लेंगे।
AAP और वाम दलों का मिला साथ, कई दल अब भी दूर
CJP के इस विरोध-प्रदर्शन को कुछ विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का समर्थन मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है और कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी के कुछ नेता इसमें शामिल हो सकते हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इसके अलावा वामपंथी दलों में सीपीआई-एम (CPI-M) और सीपीआई (CPI) ने भी आंदोलन का समर्थन किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के कुछ छात्र संगठनों के साथ-साथ कुछ किसान संगठन भी इस प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे हैं। इसके विपरीत, कई प्रमुख राजनीतिक दलों ने इस पूरे आयोजन से किनारा कर रखा है।
सोनम वांगचुक ने भी बनाई दूरी: ‘सर्दियों की तैयारी में जुटे हैं’
CJP के पिछले प्रदर्शन में शामिल रहे जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस बार जंतर-मंतर पर नजर नहीं आएंगे। उन्होंने 9 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर अपनी अनुपस्थिति की जानकारी साझा की।
वांगचुक ने लिखा, “मैं दिल्ली में आप सभी के साथ नहीं जुड़ पाऊंगा, हम आने वाली सर्दियों की तैयारियां कर रहे हैं।” उल्लेखनीय है कि इससे पहले जब CJP ने जंतर-मंतर पर आंदोलन किया था, तब सोनम वांगचुक वहां भूख हड़ताल पर बैठे थे, लेकिन इस बार उन्होंने आंदोलन से दूरी बनाए रखी है।

