‘ग्रामोदय से यूपी विजय’ का मंत्र पहले गांव-गांव पहुंचने की तैयारी में BJP

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सांगठनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का सघन दौरा कर रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जमीनी फीडबैक लेने के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों में न केवल ग्राउंड रिपोर्ट की समीक्षा हो रही है, बल्कि ग्रामीण मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
‘ग्रामोदय से यूपी विजय’ का संकल्प, गांव से बूथ तक फोकस
उत्तर प्रदेश के आगामी सियासी रण को देखते हुए संघ और भाजपा ने गांव से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ मजबूत करने की रणनीति बनाई है। ‘ग्रामोदय से यूपी विजय’ के मंत्र के तहत पार्टी का प्राथमिक लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क का विस्तार करना है।
इस रणनीति के तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को राजधानी लखनऊ से निकालकर सीधे गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी और संघ के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से ग्रामीण अंचलों में जाएंगे और आम मतदाताओं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों व समाज के कमजोर वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
जन-स्पर्श और जन-संवाद: नाराजगी दूर करने की कवायद
ग्रामीण स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने के लिए कार्यक्रमों की श्रृंखला तय की गई है:
-
जन-स्पर्श अभियान: इसके जरिए कार्यकर्ता हर गांव में जाकर आम मतदाताओं, लाभार्थियों और कमजोर तबकों के घर-घर दस्तक देंगे।
-
जन-संवाद संकल्प: इस अभियान का उद्देश्य पार्टी के पारंपरिक मतदाताओं, स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं की शिकायतों व नाराजगी को सुनना और समय रहते उनका समाधान निकालना है। इसके साथ ही शासन की उपलब्धियों को सीधे जनता के सामने रखा जाएगा।
संगठन-संवाद और जन-सेतु: सरकार और जनता के बीच समन्वय
पार्टी ने प्रशासनिक और सांगठनिक तालमेल को मजबूत करने के लिए भी दो प्रमुख प्रारूप तैयार किए हैं:
-
संगठन-संवाद अभियान: स्थानीय नेताओं, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय सुधारने पर जोर रहेगा। इसका मकसद संगठन और सरकार के बीच बनने वाले किसी भी तरह के संवाद अंतर को खत्म करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर पड़े समर्थन आधार को दोबारा एकजुट किया जा सके।
-
जन-सेतु अभियान: सरकार, संगठन और जनता के बीच सीधा पुल तैयार करने की योजना है, जिससे जनता की समस्याएं और प्रशासनिक फीडबैक बिना किसी रुकावट के संगठन तक पहुंचे। पार्टी की योजना इस संवाद को वास्तविक चुनावी समर्थन में तब्दील करने की है।
‘ग्रामोदय से बूथोदय’ के जरिए शक्ति केंद्रों की घेराबंदी
संगठन की रणनीति केवल गांव तक सीमित न रहकर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक ले जाई जा रही है। ‘ग्रामोदय से बूथोदय’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ को सक्रिय किया जाएगा। इसमें महिलाओं, युवाओं, कमजोर वर्गों और भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक तक पहुंच बढ़ाकर एक व्यापक सामाजिक समीकरण तैयार करने की तैयारी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह विशेष ग्रामीण फोकस सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी (SP) के प्रभाव वाले इलाकों में सेंध लगाने की रणनीति का हिस्सा है। ग्रामीण उत्तर प्रदेश में सपा के पारंपरिक प्रभाव को देखते हुए भाजपा जमीनी स्तर पर अपनी पैठ गहरी कर विपक्षी बढ़त को सीमित करने के प्रयास में जुटी है।

