जींस-टीशर्ट में आएंगे 30 हजार युवा, काशी में मोदी का Gen-Z संवाद क्यों?

PM-Modi-6
राघवेन्द्र मिश्रा
राघवेन्द्र मिश्रा

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने नए और युवा मतदाताओं यानी ‘जेन-जी’ (Gen Z) पर अपनी रणनीति केंद्रित कर दी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के युवा सम्मेलनों के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सीधे तौर पर युवाओं के साथ मंच साझा करने जा रहे हैं। चर्चा है कि 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे के दौरान पीएम मोदी करीब 30 हजार युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

18 से 25 आयु वर्ग के युवाओं से संवाद, जींस-टीशर्ट का ड्रेस कोड

पीएम मोदी के इस संवाद कार्यक्रम में 18 से 25 साल के युवाओं को शामिल किया जाएगा। इस बड़े आयोजन के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) या संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम के स्वरूप को पूरी तरह युवा केंद्रित रखने के लिए एक अलग ड्रेस कोड रखने की बात भी सामने आ रही है, जिसके तहत युवाओं को जींस और टी-शर्ट पहनकर आने को कहा जा रहा है।

नमो घाट पर देखेंगे भारतीय वायुसेना का एयर शो

तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 25 अक्टूबर की सुबह बनारस पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो को भी देखेंगे। वाराणसी में वायुसेना का यह एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाना है, जिसके अंतिम दिन पीएम मोदी वहां मौजूद रहेंगे।

इस एयर शो में राफेल, सुखोई, तेजस और मिग सहित करीब 90 फाइटर जेट हिस्सा लेंगे। इन लड़ाकू विमानों की उड़ान प्रयागराज और बाबतपुर एयरपोर्ट से कराने की तैयारी है। विमान वाराणसी के गंगा घाटों के ऊपर करीब डेढ़ घंटे तक उड़ान भरकर करतब दिखाएंगे।

पेपर लीक विरोध के बाद फोकस में आई नई पीढ़ी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामलों को लेकर हुए प्रदर्शनों के बाद से ही राजनीतिक दलों के बीच नई पीढ़ी के वोटरों को साधने की हलचल तेज हुई है। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अलग-अलग राज्यों में छात्रों और युवाओं से संवाद का अभियान शुरू किया था। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी हाल ही में लखनऊ के लोहिया पार्क में ‘पीडीए संकल्प जेन-जी संवाद: शिक्षक-अभ्यर्थी संवाद’ का आयोजन किया था।