संजय झा ने बिहार की राजनीति और फरक्का जल संधि को लेकर क्या कहा

nitish
शैलेन्द्र कुमार झा
शैलेन्द्र कुमार झा

 जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बिहार की राजनीति और पार्टी के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया है। बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को वैशाली के हिलालपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में किसी को भी राजनीति करनी है तो उसे जेडीयू के आसपास ही रहना होगा। उन्होंने पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जेडीयू का भविष्य किसी भी अन्य दल से ’20’ ही है, ’19’ नहीं हो सकता।

100 साल तक याद रखा जाएगा नीतीश का काम

संजय झा वैशाली में आयोजित ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस मंच से उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज और विजन की जमकर सराहना की। झा के मुताबिक, अगले 100 वर्ष तक नीतीश कुमार का नाम और उनके द्वारा किए गए काम लोगों के जेहन में रहेंगे।

फरक्का जल संधि से बिहार को हुए नुकसान पर चर्चा

इस संवाद कार्यक्रम में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और वैशाली जिले के प्रभारी सह स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से फरक्का बराज और जल संधि के कारण बिहार को पिछले 30 वर्षों में बाढ़ और सुखाड़ से हुए भारी नुकसान पर चर्चा की गई।

संजय झा ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुरू से ही विभिन्न मंचों पर फरक्का जल संधि से बिहार को हो रहे नुकसान का मुद्दा लगातार उठाते रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही राज्य सरकार के प्रतिनिधियों ने कई बार केंद्र के सामने मजबूती से बिहार की जल जरूरतों का पक्ष रखा है।

2050 की जरूरतों के हिसाब से बने नई व्यवस्था

राज्यसभा सांसद संजय झा ने पुरानी जल संधि को लेकर जेडीयू का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि फरक्का जल संधि की 30 वर्षों की समयावधि दिसंबर 2026 में समाप्त हो रही है और पार्टी का मानना है कि इसका नवीनीकरण नहीं होना चाहिए।

जेडीयू नेता ने मांग की कि अब जो भी नई व्यवस्था बने, उसमें अगले 25 वर्षों यानी वर्ष 2050 तक बिहार की पानी की जरूरतों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि 30 साल पहले पानी के मामले में बिहार के साथ जो अन्याय हुआ था, उसे इस साल पूरी तरह से खत्म किया जाए।