CJP प्रदर्शन में कौन-कौन साथ, राकेश टिकैत का समर्थन क्यों अहम

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘सिटीजन जस्टिस पार्टी’ (CJP) द्वारा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने भी अपना समर्थन दे दिया है। BKU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के निर्देश पर यूनियन के यूपी युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने किसानों से भारी संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।
‘दिल्ली पुलिस टकराव की कोशिश न करे’
अनुज सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि 10 अक्टूबर को CJP के जंतर-मंतर आंदोलन में किसान पूरे दलबल के साथ दिल्ली पहुंचें। उन्होंने दिल्ली पुलिस को चेताते हुए कहा कि पुलिस आंदोलनकारियों से टकराव की कोशिश न करे, क्योंकि किसानों के ट्रैक्टर बैरिकेड तोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की भी मांग की।
‘वोट का अधिकार छीनने का काम किया’
अनुज सिंह ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान ने हर भारतीय नागरिक को जो एक वोट का अधिकार दिया था, उस अधिकार को मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी के चहेते कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार ने छीनने का काम किया है।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए आगे कहा, “मोदी एंड कंपनी वोट का अधिकार छीनकर और लोकतंत्र हटाकर इस देश में तानाशाही स्थापित करना चाहती है। इसके बाद आपके पास न तो वोट का अधिकार बचेगा, और न ही विरोध प्रदर्शन (प्रोटेस्ट) का अधिकार। सभी लोग जागरूक हों और पूरे दमखम के साथ 10 तारीख को जंतर-मंतर पहुंचें।”
‘हर नागरिक का प्रदर्शन’
BKU नेता ने स्पष्ट किया कि यह केवल CJP का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि देश के हर उस नागरिक का प्रदर्शन है जो अपने वोट के अधिकार के जरिए सरकार बनाने और बदलने में अहम भूमिका निभाता है।
CJP ने जताया BKU का आभार
इस समर्थन के बाद CJP ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय किसान यूनियन और राकेश टिकैत का धन्यवाद किया है। CJP ने कहा कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की उनकी अपील का समर्थन करने के लिए वे BKU के आभारी हैं।

