योगी के साथ शक्ति प्रदर्शन, सभी 8 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन के आखिरी दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठ घोषित उम्मीदवारों ने लखनऊ स्थित विधानभवन पहुंचकर एक साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया।
बीजेपी ने उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति अपनाई है।
सोशल इंजीनियरिंग पर जोर: ये हैं मैदान में उतरे 8 चेहरे
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश से उच्च सदन के लिए आठ नामों पर मुहर लगाई थी। मंगलवार को पर्चा भरने वाले उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, पूर्व एमएलसी विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। इन सभी प्रत्याशियों ने एक साथ पहुंचकर अपना पर्चा भरा।
सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम रहे मौजूद
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद विधानभवन में मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री और पार्टी पदाधिकारी भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनकी ऐतिहासिक जीत की कामना की।
‘सपा अपने बुने जाल में फंसी’: केशव और ब्रजेश पाठक का दावा
नामांकन के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्यसभा में भाजपा के सभी आठों प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। मौर्य के मुताबिक, भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम करती है और पार्टी ने बहुत मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों और वर्गों को एक माला में पिरोने का काम किया गया है। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पाठक ने कहा, “समाजवादी पार्टी अपने बुने जाल में फंस चुकी है। उनका समाजवाद का खोखला नारा पूरी दुनिया ने देख लिया है। 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की वापसी होगी।”
मंत्री धर्मपाल बोले- लिस्ट में नाम देखकर हुई हैरानी
टिकट मिलने के बाद उम्मीदवारों ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। यूपी के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम देखकर उन्हें हैरानी हुई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया।
वहीं विद्यासागर सोनकर, प्रकाश पाल और प्रियंका सिंह रावत ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे पार्टी का भरोसा बताया।
16 अक्टूबर को वोटिंग, सपा के दो उम्मीदवार मैदान में
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, जिसके लिए मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन था। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पहले ही अपने दो उम्मीदवारों का नामांकन करा चुकी है। 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चाएं बनी हुई हैं कि क्या भाजपा किसी अतिरिक्त उम्मीदवार पर भी दांव लगाने का विचार कर रही है।

