Bigg Boss 20 में माही विज का ग्रुप टूटा, उदिति से काम को लेकर भिड़ंत

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। शो के अंदर बने समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। अब तक घर में दो मजबूत ग्रुप दिख रहे थे—एक माही विज और काजी तौकीर का, तो दूसरा यंग ब्रिगेड और आम्रपाली दुबे का। लेकिन, वीकेंड का वार के बाद माही विज का ग्रुप पूरी तरह से टूट गया है। उदिति सिंह, अरिश्फा खान और अमन गांधी अब उनसे अलग-थलग दिखाई दे रहे हैं।
इस अलगाव के कारण सोमवार के एपिसोड में घर का माहौल काफी गर्म दिखा। माही विज और उदिति सिंह के बीच जहां तीखी नोकझोंक (कैट फाइट) हुई, वहीं माही ने गुस्से में अमन गांधी के लिए ‘नामर्द’ जैसे कड़े शब्द का इस्तेमाल कर दिया।
उदिति सिंह और माही विज के बीच तू-तू मैं-मैं
वीकेंड का वार के बाद उदिति और माही के बीच की दूरियां खुलकर सामने आ गईं। गार्डन एरिया में उदिति ने जब घर की ड्यूटी को लेकर माही से बात की और उन्हें चॉपिंग (सब्जी काटने) का काम दिया, तो माही भड़क गईं।
माही ने कहा कि घर में सबको पता है कि उन्हें चॉपिंग करनी नहीं आती और इसके लिए किसी की मदद लेनी पड़ती है। इसके बाद उन्होंने काम करने से साफ इनकार कर दिया। बाद में उदिति ने उन्हें दूसरा काम सौंपा, लेकिन जाते-जाते कह दिया, “इसमें इतना रूड (असभ्य) होने और चिल्लाने की जरूरत नहीं थी।” इस टिप्पणी पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई और मामला ‘तमीज सीखने’ की नसीहतों तक पहुंच गया।
माही विज ने अमन गांधी को कहा- ‘नामर्द’
उदिति से झगड़े के बाद माही विज दिनभर काजी तौकीर के साथ गपशप करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने अपना गुस्सा अमन गांधी पर भी निकाला। अमन और उदिति के अलग होने पर चर्चा करते हुए माही ने फुसफुसाते हुए अमन को ‘नामर्द’ कह दिया।
माही ने कहा, “ईगो (अहंकार) तो देखो इसको कितनी है, मेरे को तो ईगो आ जाती है। वैसे तो दुनियाभर में सबको सॉरी-सॉरी बांटता फिरता है। नामर्द इंसान।”
कनिका को कहा ‘गुल्लू की बकरी’
इसी बातचीत के दौरान माही ने कंटेस्टेंट कनिका को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कनिका के बारे में कहा, “ये साइड में गुल्लू की बकरी है। इसकी लोग इतनी बेइज्जती करते हैं फिर भी वहीं जाकर बैठ जाती है। इसको धो-धोकर जूते मारते हैं, फिर भी वहीं जाती है। कहते हैं ना कि बाल्टी में पानी है धोकर मारोगे।” इतना कहकर माही जोर से हंसने लगीं।
नॉमिनेशन टास्क के लिए रिंग में उतरीं मैरी कॉम
घर के इस तनावपूर्ण माहौल के बीच ‘बिग बॉस’ ने नॉमिनेशन टास्क के लिए एक नया ट्विस्ट डाल दिया है। इस टास्क के लिए दिग्गज मुक्केबाज मैरी कॉम को बॉक्सिंग रिंग में उतारा गया है।
हालांकि, सोमवार के एपिसोड में नॉमिनेशन टास्क पूरा नहीं हुआ, इसे अगले एपिसोड में दिखाया जाएगा। जारी किए गए प्रोमो में साफ दिख रहा है कि मैरी कॉम के ‘नॉमिनेशन पंच’ के दौरान घरवालों के बीच जमकर बवाल होने वाला है। दर्शकों को अब यह देखने का इंतजार है कि इस हफ्ते कौन-कौन से कंटेस्टेंट्स नॉमिनेट होते हैं।

