UAE के गर्गश ने पायलट स्मित मच्छार को सराहा, बताया ‘आतंकवादी कृत्य’

दुबई से इजरायल (तेल अवीव) जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की फ्लाइट में विमान को क्रैश करने और हाईजैक की कथित कोशिश को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बेहद गंभीरता से लिया है। यूएई के राष्ट्रपति के वरिष्ठ राजनयिक सलाहकार और पूर्व मंत्री डॉ. अनवर गर्गश (Anwar Gargash) ने इस घटना को एक ‘गंभीर आतंकी घटना’ करार देते हुए दुनिया से सतर्क रहने की अपील की है।
इसके साथ ही उन्होंने कॉकपिट में कुल्हाड़ी/चाकू का वार सहने के बावजूद सूझबूझ दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machhar) की जमकर तारीफ की है।
‘कैप्टन स्मित मच्छार हर तारीफ के हकदार’
डॉ. अनवर गर्गश ने सोशल मीडिया (X/Twitter) पर एक पोस्ट के जरिए घटना पर यूएई का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने लिखा, “फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार हर तरह की तारीफ के हकदार हैं क्योंकि उन्होंने एक खतरनाक आतंकवादी घटना और संभावित बड़ी आपदा के समय साहस और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। बेहद मुश्किल और जानलेवा हालात में भी उनकी पेशेवर सोच और नैतिक समझ उन्हें एक असली हीरो बनाती है।”
गर्गश ने अपने बयान में आगे कहा, “UAE हमेशा सहनशीलता का प्रतीक, चरमपंथ व आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत गढ़ और क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने वाली ताकत बना रहेगा।”
साजिश की थ्योरी गढ़ने वालों को दिया कड़ा जवाब
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई तरह की ‘कॉन्स्पिरेसी थ्योरी’ (साजिश) भी चलने लगी थीं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तो इसमें ईरान का हाथ होने तक की आशंका जताई थी।
इन अटकलों पर लगाम कसते हुए डॉ. गर्गश ने कहा, “जो हुआ उसे बहुत आसान समझकर देखने या किसी मनगढ़ंत साजिश की थ्योरी को मानने और बढ़ावा देने के बजाय, हमें चरमपंथ और आतंकवाद के असल खतरों का सामना करने के लिए ज्यादा सतर्कता और सावधानी बरतने की जरूरत है।” यूएई सरकार की तरफ से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं आया है, ऐसे में राष्ट्रपति के करीबी माने जाने वाले डॉ. गर्गश का यह बयान यूएई का आधिकारिक स्टैंड माना जा रहा है।
क्या था पूरा मामला?
बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से इजरायल जा रही थी। इजरायल पहुंचने से पहले, जॉर्डन के एयरस्पेस में विमान के ओमानी को-पायलट ने साथी भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर धारदार हथियार (चाकू/कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। उसका मकसद विमान पर कब्जा करना और उसे क्रैश करना था।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद विमान के क्रू मेंबर्स और कुछ यात्रियों (जिनमें ऑफ-ड्यूटी पायलट भी शामिल थे) ने मिलकर हमलावर ओमानी पायलट को काबू किया। बाद में इस फ्लाइट की सऊदी अरब में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जहां आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

