चाकू लगने के बाद भी कैप्टन ने बचाई सैकड़ों जान, PM मोदी ने बताया ‘हीरो’

दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ 1073) को क्रैश होने से बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कैप्टन माछर की तारीफ करते हुए उन्हें ‘हीरो’ करार दिया है। बुधवार 30 सितंबर को उड़ान के दौरान ओमान के एक को-पायलट ने विमान को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश की थी, जिसे कैप्टन माछर ने अपनी जान पर खेलकर नाकाम कर दिया।
कॉकपिट में चाकूबाजी और कैप्टन का संघर्ष
रिपोर्टों के मुताबिक, फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान कॉकपिट में उस समय अफरातफरी मच गई जब ओमान के एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को हाईजैक करने की कोशिश की। उसका मकसद विमान को क्रैश कराना था। इस दौरान दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में तीखी झड़प हुई।
हमलावर ने कैप्टन माछर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन माछर ने हार नहीं मानी। उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल कर ली, जिससे केबिन में मौजूद यात्रियों को अंदर घुसकर स्थिति संभालने का मौका मिल गया।
यात्रियों ने हमलावर को किया काबू, सऊदी अरब में आपात लैंडिंग
यात्रियों के मुताबिक, घायल कैप्टन माछर द्वारा कॉकपिट का दरवाजा खोलते ही लोग अंदर दाखिल हुए और उन्होंने ओमान के उस पायलट को काबू में कर लिया। इस विमान में दो अन्य पायलट भी यात्री के तौर पर सफर कर रहे थे। स्थिति बिगड़ने के बाद उन दोनों ने विमान का नियंत्रण अपने हाथों में लिया और उसे सऊदी अरब की ओर मोड़कर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई।
विमान के तेल अवीव पहुंचने के बाद यात्रियों ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को इस पूरी घटना की विस्तार से जानकारी दी। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए कैप्टन माछर की सर्जरी की गई है।
‘अटूट संकल्प से टली बड़ी त्रासदी’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन माछर के साहस की सराहना करते हुए कहा कि बेहद खतरनाक हालात में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया।
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी इस बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बच गई और एक बहुत बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कहा कि पूरे भारत को कैप्टन माछर पर गर्व है और साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
कौन हैं कैप्टन स्मित माछर?
भारतीय पायलट स्मित माछर जून 2022 से फ्लाईदुबई के साथ कैप्टन के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उनका एविएशन में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने करीब 11 साल तक भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट में काम किया था, जहां वे सीनियर कमांडर के पद पर तैनात थे।
माछर ने लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी अहम जिम्मेदारी संभाली है, जिसमें वे नए पायलटों को प्रशिक्षण देने, उनका मार्गदर्शन करने और उनकी क्षमता का आकलन करने का काम करते थे। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की डिग्री हासिल की है।

