अफगानिस्तान में भूकंप से दहशत, हिंदू कुश क्षेत्र में 5.3 का जोरदार झटका

अफगानिस्तान का हिंदू कुश क्षेत्र गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के आंकड़ों के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई है। भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 59 मिनट पर आए इन झटकों के कारण स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
संवेदनशील है हिंदू कुश का इलाका
भौगोलिक नजरिए से अफगानिस्तान का यह हिस्सा भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। गुरुवार सुबह झटके महसूस होते ही घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल प्रशासन की तरफ से किसी बड़े नुकसान या इमारतों के गिरने को लेकर कोई अपडेट जारी नहीं किया गया है।
सितंबर में भी लगातार हिली थी धरती
इस क्षेत्र में पिछले महीने भी लगातार भूकंपीय हलचल देखी गई थी। 10 सितंबर को इलाके में 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसका असर अफगानिस्तान के साथ-साथ पड़ोसी देश ताजिकिस्तान तक महसूस किया गया था। यह भूकंप फैजाबाद शहर से 213 किलोमीटर पूर्व-उत्तर पूर्व (ENE) दिशा में आया था। इसका केंद्र 37.907 अक्षांश और 72.742 देशांतर पर था और गहराई 132 किलोमीटर दर्ज की गई थी। गहराई अधिक होने के कारण बड़े इलाके में झटके महसूस किए गए थे। इससे ठीक एक दिन पहले, 9 सितंबर को भी यहां 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था।
2023 में गई थी 2000 से ज्यादा लोगों की जान
अफगानिस्तान बीते कुछ वर्षों में भूकंप के कारण भारी जनहानि और तबाही का सामना कर चुका है। साल 2023 में आए एक विनाशकारी भूकंप में 2000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 9000 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इससे पहले 2022 में भी 6.1 तीव्रता के तेज भूकंप ने 1036 लोगों की जान ले ली थी। साल 2015 और 2002 में भी देश को भूकंप के कारण बड़े स्तर पर त्रासदी झेलनी पड़ी थी।

