हामिद अंसारी पर मुफ्ती वजाहत का हमला, ‘देश से सुविधाएं लीं, फिर भी…’

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयानों और उन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया के बाद अब इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती वजाहत कासमी ने मोर्चा खोल दिया है। कासमी ने हामिद अंसारी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने जीवन भर देश के शीर्ष संवैधानिक पदों की सुविधाएं लीं, लेकिन उनका रुख हमेशा एक बड़े तबके, विशेषकर हिंदुओं के खिलाफ रहा है।
‘अरब के पैसे से नहीं, टैक्स से चलता है यह देश’
मुफ्ती वजाहत कासमी ने पूर्व उपराष्ट्रपति को घेरते हुए कहा कि यह देश करदाताओं (टैक्स) के पैसे से चलता है। उन्होंने स्पष्ट किया, “ऐसा तो है नहीं कि यह अरब के पैसे पर चलने वाला देश है। यह टैक्स से और अपने हालात पर चलने वाला देश है।”
कासमी ने याद दिलाया कि हामिद अंसारी वाइस चांसलर (VC) से लेकर कई देशों में राजदूत और देश के उपराष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पदों पर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंसारी ने देश से यह सारी सुविधाएं पाई हैं और आज तक इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
‘बचाव के लिए करते हैं पश्चिम और दक्षिण का इस्तेमाल’
इस्लामिक स्कॉलर ने अंसारी पर सीधे तौर पर बहुसंख्यक समाज को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति हमेशा एक बड़े तबके, विशेषकर हिंदुओं के खिलाफ अपनी बात कहते रहे हैं।
कासमी के मुताबिक, हामिद अंसारी खुद को सीधे आरोपों से बचाने के लिए अक्सर ‘पश्चिम’ या ‘दक्षिण’ जैसे शब्दों का सहारा लेते हैं, लेकिन उनके बयानों के निशाने पर हमेशा हिंदू ही होते हैं।
