रालोद में रमा सोती की एंट्री, अनुपम मिश्रा बोले- महिलाओं को मिले नेतृत्व

WhatsApp Image 2026-09-18 at 7.12.29 PM
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

राष्ट्रीय लोकदल द्वारा शुक्रवार को बौद्ध शोध संस्थान सभागार, विपिन खंड, गोमती नगर, लखनऊ में भव्य सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री अनुपम मिश्रा जी रहे। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रमा सोती ने अपने हजारों समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मयंक त्रिवेदी ने किया।

माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न चौधरी चरण सिंह एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं की भागीदारी को महत्व: अनुपम मिश्रा

मुख्य अतिथि श्री अनुपम मिश्रा जी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान, मजदूर, युवा, महिला तथा समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को महत्व देता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह जी के दूरदर्शी एवं प्रभावी नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल विगत वर्षों में निरंतर अपने जनाधार का विस्तार कर रहा है। पार्टी ने अपनी विचारधारा और मूल्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने के साथ ही समाज के हर वर्ग के बीच अपनी विश्वसनीयता, स्वीकार्यता और मजबूत जनसंपर्क को कायम रखा है।

उन्होंने कहा कि यही संगठन की बड़ी ताकत है और इसी आधार पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें पर्याप्त अवसर और मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है।

निर्णय और नेतृत्व में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी पर जोर

श्री अनुपम मिश्रा जी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया और सामाजिक एवं राजनीतिक नेतृत्व में भी उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जेन ज़ी, महिलाओं और बुद्धिजीवी वर्ग में भी राष्ट्रीय लोकदल के प्रति रुचि और जुड़ाव बढ़ रहा है, जो संगठन के बदलते सामाजिक विस्तार को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा में किसान, गांव, गरीब, मजदूर तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सम्मान और सशक्तिकरण को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। इसी सामाजिक सरोकार की भावना के साथ महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

महिलाओं को नेतृत्व में आगे लाने पर जोर

रालोद उत्तर प्रदेश महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाओं को केवल संगठन की संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका देने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए महिला संगठन निरंतर कार्य करेगा।

रमा सोती ने समर्थकों के साथ ग्रहण की सदस्यता

सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्रीमती रमा सोती ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से अयोध्या से हैं तथा उनका ससुराल बिजनौर के ऐतिहासिक सोती परिवार में है। उनके पड़ बाबा ससुर राय बहादुर श्री हरबंश लाल सोती जी बिजनौर के प्रथम राजनेताओं में रहे तथा नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के पुनर्वास तथा बिजनौर जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रमा सोती ने कहा कि इसी सामाजिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पिछले एक दशक से महिलाओं के साथ रोजगार, जागरूकता एवं स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में कार्य किया है। महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए गए हैं।

संवाद और सामाजिक सरोकारों को बताया जरूरी

उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संवाद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वह लंबे समय से लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने और उन्हें मार्गदर्शन देने का प्रयास करती रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के माध्यम से अपने सामाजिक कार्यों को और व्यापक स्तर तक ले जाने का अवसर मिला है।

रमा सोती ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना भी आवश्यक है, ताकि वे अपने जीवन-यापन का स्तर बेहतर कर सकें और समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

महिला भागीदारी और सामाजिक सशक्तिकरण पर चर्चा

कार्यक्रम में महिला भागीदारी और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समाज के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

रमा सोती के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने ली सदस्यता

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि रमा सोती के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने बताया कि सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को संगठन के साथ जोड़ना और संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों तक और अधिक मजबूत करना है।

पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ नेता एव पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, वसीम हैदर, पूर्व प्रदेश कार्यालय प्रभारी व प्रदेश महासचिव रामावती तिवारी, पूर्व प्रदेश महासचिव आरoपीo सिंह, चंद्रकांत अवस्थी, इज़हार अहमद शाह, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती परिणीता सिंह, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय, जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, प्रोफेशनल मंच के राष्ट्रीय सचिव डॉ सर्वेश त्रिपाठी, श्रीश चंद्र श्रीवास्तव, मोहम्मद अलीम, शाहनवाज खान, मोहसिन रजा, मंजू शुक्ला, लीला श्रीवास्तव, सुशीला मदान आदि पार्टी के पदाधिकारियों ने भी सभा को सम्बोधित किया तथा पार्टी के कार्यकर्ता, महिला प्रतिनिधि तथा समाजसेवी श्रीमती रमा सोती के बड़ी संख्या में समर्थक ने सदस्यता ग्रहण की और कार्यक्रम में उपस्थित रहे।