दुनिया में बढ़े तैनात परमाणु हथियार, रूस-चीन-भारत ने बढ़ाया जखीरा

modi
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रहे टकराव के बीच दुनिया भर में परमाणु हथियारों की स्थिति पर नए आंकड़े सामने आए हैं। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के नौ परमाणु हथियार संपन्न देशों ने मिसाइलों और अन्य डिलीवरी सिस्टम पर तैनात परमाणु वॉरहेड्स की संख्या में इजाफा किया है। कई सालों में यह पहली बार है जब तैनात किए गए हथियारों में ऐसी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिपोर्ट का अनुमान है कि वर्तमान में करीब 4,012 वॉरहेड्स को मिसाइलों और बॉम्बर बेस पर तैनात किया गया है।

एक साल में 100 तैनात वॉरहेड्स की बढ़ोतरी

जनवरी 2025 के आंकड़ों की तुलना में तैनात वॉरहेड्स की संख्या में लगभग 100 का इजाफा हुआ है। SIPRI के आकलन के अनुसार, बैलिस्टिक मिसाइलों पर 2100 से 2200 तैनात वॉरहेड्स को हाई ऑपरेशनल अलर्ट पर रखा गया है। अलर्ट पर रखे गए इन हथियारों में से अधिकांश रूस और अमेरिका के हैं, जबकि फ्रांस और यूके के पास इनकी संख्या अपेक्षाकृत कम है।

रूस सबसे आगे, चीन और भारत ने भी की तैनाती

रिपोर्ट के मुताबिक, नौ परमाणु संपन्न देशों में से तीन— रूस, चीन और भारत ने अपने तैनात वॉरहेड्स की संख्या बढ़ाई है। इसमें भी रूस ने अपने तैनात परमाणु हथियारों के जखीरे में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की है। जनवरी 2026 तक रूस के पास 1,796 तैनात वॉरहेड थे, जो पिछले साल (1,718) की तुलना में 78 अधिक हैं। यह 2017 के बाद से रूस का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

एशिया में चीन ने अपने तैनात वॉरहेड की संख्या 2025 के 24 से बढ़ाकर इस साल 34 कर दी है। वहीं, भारत ने पहली बार मिसाइलों पर 12 वॉरहेड तैनात किए हैं, जबकि 2025 में भारत का यह आंकड़ा शून्य था। SIPRI का मानना है कि चीन और भारत ने भी संभवतः हाई ऑपरेशनल अलर्ट पर वॉरहेड्स तैनात करना शुरू कर दिया है।

दुनिया में किसके पास कितने परमाणु हथियार?

पुराने वॉरहेड्स को धीरे-धीरे नष्ट किए जाने की वजह से वैश्विक परमाणु भंडार 12,241 (2025) से घटकर 12,187 (2026) जरूर रह गया है, लेकिन सैन्य स्टॉक में संभावित इस्तेमाल के लिए रखे गए हथियारों की संख्या बढ़ी है। वर्तमान में देशों के कुल परमाणु हथियारों की स्थिति इस प्रकार है:

  • रूस: 5,420

  • अमेरिका: 5,042

  • चीन: 620

  • फ्रांस: 370

  • यूके: 225

  • भारत: 190

  • पाकिस्तान: 170

  • इजरायल: 90

  • नॉर्थ कोरिया: 60

भारत कर रहा है हथियारों का आधुनिकीकरण

SIPRI के अनुसार, चीन के परमाणु हथियारों की संख्या 2025 में 600 से बढ़कर इस साल 620 हो गई है। इसी तर्ज पर भारत ने भी एक साल में 10 नए परमाणु वॉरहेड जोड़े हैं, जिससे कुल संख्या 190 तक पहुंच गई है। ‘बुलेटिन ऑफ द एटॉमिक साइंटिस्ट्स’ की एक अन्य रिपोर्ट भी स्पष्ट करती है कि भारत लगातार अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को आधुनिक बना रहा है। हाल के वर्षों में कई नए हथियार सिस्टम तैनात किए गए हैं और मौजूदा परमाणु-सक्षम विमानों, जमीन से मार करने वाले डिलीवरी सिस्टम और समुद्र-आधारित सिस्टम की जगह लेने या उनके साथ इस्तेमाल करने के लिए नए सिस्टम विकसित किए जा रहे हैं।