BRICS में ‘फूड डिप्लोमेसी’: नल्ली निहारी से रेसिपी बुक तक खास मेन्यू

नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) के दौरान कूटनीतिक बैठकों के समानांतर भारतीय खान-पान और मेहमाननवाजी का रंग भी देखने को मिल रहा है। राजधानी के मशहूर ताज होटल (Taj Mahal, New Delhi) में जुटे दुनिया भर के नेताओं और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए एक विशेष ‘इंडिया फ्रेंडशिप मेनू’ तैयार किया गया है। इन-रूम डाइनिंग के लिए तैयार किए गए इस मेनू का मकसद देश की समृद्ध खान-पान परंपरा और संस्कृति से विदेशी मेहमानों को रूबरू कराना है।
3 से 6 महीने की तैयारी, शेफ की माताओं की रेसिपी बुक होगी उपहार
होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ कौशिक मिश्रा और उनकी टीम ने पिछले तीन से छह महीनों के गहन शोध और मेहनत के बाद इस मेनू को अंतिम रूप दिया है। शेफ कौशिक मिश्रा के अनुसार, मेनू तैयार करते समय विभिन्न देशों के मेहमानों की प्राथमिकताओं, पसंद और नापसंद का विशेष ध्यान रखा गया है।
इस सत्कार का सबसे भावनात्मक पहलू वह खास ‘रेसिपी बुक’ है, जो शिखर सम्मेलन के समापन पर मेहमानों को स्मृति-चिह्न के तौर पर भेंट की जाएगी। इस किताब में शेफ्स की अपनी माताओं की पारंपरिक घरेलू रेसिपीज को संकलित किया गया है, ताकि विदेशी प्रतिनिधि भारत के घरेलू स्वाद की यादें अपने साथ ले जा सकें।
‘इंडिया फ्रेंडशिप मेनू’ में क्या है खास?
इस खास मेनू में पुरानी दिल्ली के मशहूर जायके के साथ-साथ दक्षिण और अन्य क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को जोड़ा गया है:
-
पारंपरिक मुख्य व्यंजन: मेनू में मशहूर नल्ली निहारी (Nalli Nihari) और बादाम के साथ पेपर फ्राई जैसे चुनिंदा पारंपरिक पकवान शामिल किए गए हैं।
-
देसी मसाले और हर्ब्स: व्यंजनों में भारत के पारंपरिक मसाले, औषधीय हर्ब्स और सुगंधित फूलों का इस्तेमाल किया गया है।
-
कॉन्सेप्ट नोट: परोसी जाने वाली प्रत्येक डिश के साथ एक विस्तृत ‘कॉन्सेप्ट नोट’ भी दिया जा रहा है, जिसमें सामग्री के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दर्ज है।
कमल-ऑर्किड चॉकलेट्स और भारत का ‘फूड मैप’
खान-पान को कूटनीतिक शिष्टाचार से जोड़ने के लिए कई नए प्रयोग भी किए गए हैं। डेलिगेट्स के देशों और भारतीय राष्ट्रीय प्रतीक से प्रेरणा लेते हुए कमल और ऑर्किड जैसे फूलों की थीम पर चॉकलेट, प्रालीन, मिठाइयां और नमकीन तैयार किए गए हैं।
इसके साथ ही मेहमानों के लिए भारत का एक सचित्र ‘फूड मैप’ भी पेश किया गया है। यह मैप देश के विभिन्न राज्यों और राजधानियों के स्थानीय स्नैक्स और खान-पान की विविधता को दर्शाता है, जिससे विदेशी मेहमान भारतीय व्यंजनों के क्षेत्रीय विस्तार को आसानी से समझ सकें।
