‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर को होगी रिलीज, जानिए तारीख का महत्व

hanumat ansh
प्रशांत मोहन गुप्ता
प्रशांत मोहन गुप्ता

नीम करौली बाबा के जीवन और दर्शन से प्रेरित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स पर शानदार सफलता के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूम मचाने के लिए तैयार है। मेकर्स ने इस फिल्म को 11 सितंबर को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज करने का ऐलान किया है।

11 सितंबर की तारीख क्यों है खास?

फिल्म के लिए 11 सितंबर का दिन बेहद खास और सोच-समझकर चुना गया है। दरअसल, इस दिन महान आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा की पुण्यतिथि मनाई जाती है। बाबा के अनुयायियों के लिए यह दिन अत्यंत पवित्र है। हर साल इस खास मौके पर नैनीताल के कैंची धाम, वृंदावन आश्रम और देश-विदेश के अन्य मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा का पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाता है। बाबा के भक्तों की इसी गहरी आस्था को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने इस दिन फिल्म को वैश्विक स्तर पर रिलीज करने का फैसला किया है।

बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन

‘कांतारा’ और ‘केजीएफ’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाने वाले प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स के बैनर तले आ रही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। महज दो करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 156.41 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है। हेमा मालिनी, वरुण धवन और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज सितारों ने भी इस फिल्म की सराहना करते हुए लोगों से इसे देखने की अपील की है।

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?

फिल्म की कहानी भोसले नामक एक क्रांतिकारी किरदार से शुरू होती है, जो अपने पोते को नीम करौली बाबा के चमत्कारों और जीवन के बारे में बताता है। कहानी आजादी से पहले के उस दौर में ले जाती है जब भोसले एक स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सक्रिय थे और संकट के समय बाबा ने उनकी रक्षा की थी।

इसके बाद कथा बालक लक्ष्मी नारायण (जो आगे चलकर नीम करौली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए) के जीवन सफर पर केंद्रित हो जाती है। कम उम्र में मां के निधन के बाद भगवान की तलाश में घर छोड़ने वाले लक्ष्मी नारायण की यह आध्यात्मिक यात्रा लोगों को निस्वार्थ सेवा, भूखों को भोजन कराने और बिना किसी भेदभाव के प्रेम करने का बड़ा संदेश देती है।