नोएडा में रैपिडो राइडर की हरकत, महिला ग्राहक को भेजा ‘I Love You’ मैसेज

ऑनलाइन राइड-हेलिंग और डिलीवरी ऐप रैपिडो (Rapido) की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला नोएडा का है, जहां पार्सल डिलीवरी के बाद एक रैपिडो राइडर ने महिला ग्राहक को ‘आई लव यू’ (I Love You) जैसे पर्सनल मैसेज भेजकर परेशान करना शुरू कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि जब महिला ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो राइडर डरा नहीं बल्कि उसने चुनौती देते हुए कहा, “जाओ कर दो मेरी शिकायत।”
चैट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल
नोएडा निवासी गीतिका श्रीवास्तव ने रैपिडो ऐप के जरिए एक पार्सल मंगवाया था। पार्सल मिलने के बाद उन्हें डिलीवरी राइडर के वॉट्सऐप से आपत्तिजनक मैसेज आने लगे। परेशान होकर गीतिका ने राइडर के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट लिंक्डइन (LinkedIn) पर शेयर किए।
स्क्रीनशॉट में देखा जा सकता है कि राइडर ने पहले लिखा- “हेलो, कैसी हो आप?” और उसके ठीक बाद “आई लव यू” का मैसेज भेजा। इसके जवाब में जब गीतिका ने उसे दोबारा मैसेज न करने और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो राइडर ने बेहद बेपरवाह अंदाज में जवाब दिया- “हां कर दो जाओ, रैपिडो से शिकायत कर दो।”

महिला ने उठाए कंपनी की सुरक्षा पर सवाल
लिंक्डइन पर अपना अनुभव साझा करते हुए गीतिका ने रैपिडो के कामकाज और राइडर्स की बैकग्राउंड चेकिंग पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “इस देश में एक महिला होना मुश्किल है। लगता है कि अब आप डिलीवरी वालों से परेशान हुए बिना रैपिडो से एक पार्सल डिलीवरी भी बुक नहीं कर सकते।”
गीतिका ने राइडर के बेखौफ रवैये पर भी चिंता जताई। उन्होंने पूछा, “देखिए वह कितना बेफिक्र है और खुद ही मुझसे शिकायत करने के लिए कह रहा है। क्या इसका मतलब है कि उसे पता है कि इस हरकत की कोई सजा नहीं मिलेगी? कंपनी ने आखिर किस तरह के राइडर्स को काम पर रखा है?”
रैपिडो ने मांगी माफी, की कार्रवाई की बात
गीतिका की पोस्ट के वायरल होने और आलोचनाओं के बाद रैपिडो प्रबंधन ने इस पूरी घटना पर संज्ञान लिया है। कंपनी ने पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए महिला के साथ हुई घटना के लिए माफी मांगी। रैपिडो ने अपने बयान में कहा कि वे ग्राहक की चिंता को समझते हैं और इस तरह के मामलों को बहुत गंभीरता से लेते हैं। कंपनी ने दावा किया कि ग्राहक की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
