गोरखपुर में पुलिस अफसर की धमकी : ‘इतनी फोर्स मंगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा’

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पुलिस अधिकारी अविरल मिश्रा धरने पर बैठे छात्रों को धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना का संज्ञान लेते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए राज्य सरकार और पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं।
गेट पर ताला जड़ने के बाद बढ़ा विवाद
यह घटना 25 अगस्त की है। अपनी मांगों को लेकर गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने परिसर के दोनों मुख्य गेटों पर ताला लगा दिया था। इससे विश्वविद्यालय आने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों का आवागमन बाधित हो गया। स्थिति को संभालने और प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय छात्रों के बीच पहुंचे। बातचीत के दौरान छात्रों और प्रॉक्टर के बीच नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ने पर डॉ. राय वहां से चले गए और परिसर में पुलिस बुला ली गई।
अधिकारी की चेतावनी- ‘ये गोरखपुर पुलिस है’
मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद छात्रों के साथ उनकी तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस अधिकारी अविरल मिश्रा प्रदर्शनकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते दिख रहे हैं। वीडियो में वे कहते सुने जा सकते हैं, “क्या ये शांतिपूर्ण धरना है? इस तरह का रवैया ठीक नहीं है। ये गोरखपुर पुलिस है। इतनी फोर्स बुलाऊंगा, इतनी फोर्स बुलाऊंगा कि ठंडा हो जाओगे। याद रखना, मैं बता दे रहा हूं।”
अखिलेश यादव की नसीहत- ‘ये छात्र हैं, अपराधी नहीं’
अधिकारी की इस भाषा और रवैये को लेकर विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा किया है। उन्होंने पुलिस अधिकारी को नसीहत देते हुए लिखा, “संयम रखें और सौम्यता भी क्योंकि ये आंदोलनकारी छात्र हैं; कोई अपराधी नहीं।”
निष्कासन रद्द करने की है मांग
विश्वविद्यालय में चल रहा यह पूरा आंदोलन छात्रों के निलंबन से जुड़ा है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दे और सवाल उठाने वाले साथियों को प्रशासन ने निष्कासित कर दिया है। धरना दे रहे छात्र इन्हीं निष्कासित छात्रों की बहाली की मांग पर अड़े हैं और प्रशासन से निष्कासन आदेश तुरंत रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
