भरोसे में लेकर लाखों के जेवर लेकर चंपत हुआ पारिवारिक दोस्त

वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के जनता दरबार में एक महिला ने धोखाधड़ी और छेड़छाड़ की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। बजरडीहा (जीवधीपुर) की रहने वाली रेनू गुप्ता का आरोप है कि उनके पति के एक परिचित ने सुरक्षा का झांसा देकर लाखों रुपये के गहने अपने पास रख लिए। जेवर वापस मांगने पर आरोपी ने न सिर्फ टालमटोल की, बल्कि नशे की हालत में महिला के साथ अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी दी।
पति की लत के डर से सौंपे थे जेवर
शिकायत के मुताबिक, रेनू गुप्ता के पति राजेश गुप्ता की मुलाकात करीब तीन साल पहले लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी दीपक गुप्ता से हुई थी। इसके बाद दीपक का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया। बीते जून महीने में रेनू को एक पारिवारिक वैवाहिक समारोह के लिए कानपुर जाना था। रेनू के अनुसार, उनका पति जुआ खेलता है और शराब पीता है, इसलिए उन्हें डर था कि घर में रखे जेवर कहीं चोरी न हो जाएं।
बैंक लॉकर का दिया झांसा
महिला ने गहनों को सुरक्षित रखने के लिए दीपक गुप्ता से बैंक लॉकर खुलवाने की बात कही। आरोप है कि दीपक ने योजना के तहत रेनू से कहा कि लॉकर की कागजी कार्यवाही में 10 से 15 दिन लगेंगे। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह गहने अपने पास सुरक्षित रखेगा और कानपुर से लौटने पर वापस दे देगा। रेनू ने उस पर विश्वास करते हुए सोने के कंगन, हार, बाजूबंद, चेन, मांगटीका और दो अंगूठियां उसे सौंप दीं।
जब रेनू कानपुर से लौटीं और अपने जेवर वापस मांगे, तो दीपक बहाने बनाने लगा।
नशे में घर घुसकर जोर-जबरदस्ती
शिकायत में बताया गया है कि अगस्त महीने में दीपक शराब पीकर रेनू के घर पहुंचा। उसने महिला के साथ अश्लील बातें कीं और हाथ पकड़कर बिस्तर पर पटक दिया। जब रेनू ने विरोध किया और चीखने-चिल्लाने लगी, तो आरोपी वहां से भाग निकला। लोकलाज के डर से महिला ने शुरुआत में यह घटना किसी को नहीं बताई।
जान से मारने की धमकी
कुछ समय बाद रेनू ने अपने पति को पूरी जानकारी दी और जेवर वापस लाने को कहा। जब पति-पत्नी ने दीपक से जेवर मांगे, तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने जेवर लौटाने से साफ इनकार कर दिया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से डरा-सहमा परिवार पुलिस कमिश्नर के दर पर पहुंचा है और न्याय की गुहार लगाई है।
