वैष्णो देवी जाने वालों को झटका, 1 नवंबर से हेलीकॉप्टर किराया बढ़ेगा

माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए कटरा से सांझीछत तक हेलीकॉप्टर से सफर करने वाले यात्रियों को अब अधिक जेब ढीली करनी होगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने हेलीकॉप्टर किराए में बढ़ोतरी कर दी है, जो आगामी 1 नवंबर से लागू हो जाएगी। ऐसे में यदि आप आने वाले दिनों में सर्दियों की छुट्टियों या यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो आपको अपने ट्रैवल बजट में इसे शामिल करना होगा।
कितना बढ़ गया है हेलीकॉप्टर का किराया?
नई दरों के मुताबिक, किराए में वन-वे और रिटर्न (दोनों तरफ) दोनों तरह की यात्राओं के दाम बढ़ाए गए हैं:
-
वन-वे यात्रा (कटरा से सांझीछत): अब एक तरफ के टिकट के लिए 2,700 रुपये चुकाने होंगे (मौजूदा किराया 2,320 रुपये है)। इसमें 380 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
-
राउंड ट्रिप (आना-जाना): रिटर्न टिकट की नई कीमत 5,400 रुपये होगी (मौजूदा किराया 4,640 रुपये है)। इसमें कुल 760 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
किसे मिलता है इस सेवा का लाभ?
कटरा को सांझीछत से जोड़ने वाली यह हेलीकॉप्टर सेवा खासतौर पर बुजुर्ग श्रद्धालुओं, बच्चों और उन यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक है, जिन्हें मंदिर तक की चढ़ाई का पैदल रास्ता तय करने में कठिनाई होती है। सांझीछत उतरने के बाद श्रद्धालु बाकी की दूरी पैदल या अन्य माध्यमों से तय करते हैं। श्राइन बोर्ड समय-समय पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास करता है, जिसके तहत यह किराया संशोधन किया गया है।
