खत्म हुआ कंगना और रामदेव का विवाद, बोले- बहन को भेज रहा हूं मिठाई

मुंबई/हरिद्वार: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योग गुरु बाबा रामदेव और बॉलीवुड अभिनेत्री व बीजेपी सांसद कंगना रनौत के बीच चल रहे तीखे विवाद का सुखद अंत हो गया है। बाबा रामदेव ने कंगना को अपनी बहन बताते हुए सारे गिले-शिकवे दूर कर लिए हैं। उन्होंने कंगना को राखी, उपहार और मिठाई भेजकर सुलह की पहल की, जिसका एक्ट्रेस ने भी गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें ‘बड़ा भाई’ बताया है।
बाबा रामदेव की पहल- ‘विवाद का अंत संवाद से’
मीडिया से बातचीत के दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि वह बहन कंगना रनौत को पोस्ट के जरिए गिफ्ट और मिठाई भेज रहे हैं। उन्होंने प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हुए कहा, “किसी भी कारण से देश में नफरत नहीं होनी चाहिए, इसलिए हम सब बैर खत्म कर रहे हैं।” योग गुरु ने स्पष्ट किया कि उनके और कंगना के बीच उठे विवाद का अंत अब सकारात्मक संवाद से हो रहा है।
कंगना ने स्वीकारा ‘बड़े भाई’ का प्रेम
बाबा रामदेव की इस पहल से कंगना रनौत भी काफी खुश नजर आईं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट साझा करते हुए लिखा, “त्योहार का दिन सब भूल-चूक माफ करने के लिए होता है।” कंगना ने रामदेव की बात का समर्थन करते हुए लिखा कि विवाद नहीं, बल्कि संवाद होना चाहिए। एक्ट्रेस ने आगे कहा, “आज रक्षाबंधन के दिन मैं उनकी मिठाई और बड़े भाई का प्रेम दोनों स्वीकार करती हूं। बहुत-बहुत धन्यवाद, ईश्वर आपको लंबी आयु दे।”
सुप्रीम कोर्ट से ‘गटर जेनरेशन’ तक: क्या था पूरा विवाद?
गौरतलब है कि दोनों के बीच यह विवाद तब शुरू हुआ था, जब बाबा रामदेव ने कंगना के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताई थी। रामदेव ने इसे कंगना के ‘बिगड़े दिमाग की उपज’ करार देते हुए उनके अतीत पर सवाल उठाए थे।
इस पर आहत कंगना ने भी योग गुरु को तीखा जवाब दिया था। उन्होंने रामदेव को कैरेक्टर का पाठ न पढ़ाने की नसीहत देते हुए लिखा था, “बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने न देखें।” कंगना ने पतंजलि विवाद का जिक्र करते हुए तंज कसा था कि कम से कम उन्हें कभी झूठे दावों के लिए सुप्रीम कोर्ट से फटकार तो नहीं पड़ी है। हालांकि, अब रक्षाबंधन के पवित्र मौके पर दोनों ने इस पुरानी कड़वाहट को हमेशा के लिए भुला दिया है।
