सिंगरौली में BJP विधायक की कार धोती दिखी फायर ब्रिगेड

bjp mla
संजीव पॉल
संजीव पॉल

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रामनिवास शाह के सरकारी आवास के बाहर दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी से उनकी इनोवा कार धोई जा रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद सरकारी संसाधनों के निजी इस्तेमाल को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष ने इसे मुद्दा बनाते हुए सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा है। वहीं, विधायक ने पूरे मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए इसकी जिम्मेदारी अपने ड्राइवर पर डाल दी है।

फायर ब्रिगेड से धुली गाड़ी, विपक्ष ने उठाए सवाल

ऊर्जाधानी के नाम से मशहूर सिंगरौली जिले में सामने आए इस वीडियो में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी पानी की बौछार से एक सफेद इनोवा कार साफ करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी विधायक रामनिवास शाह की है। वीडियो के पब्लिक डोमेन में आते ही विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल दिया। विपक्षी नेताओं का कहना है कि दमकल जैसे आपातकालीन वाहन का इस्तेमाल निजी काम के लिए किया जाना एक गंभीर मामला है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से पूछा है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी आखिर किस उद्देश्य से विधायक के आवास तक पहुंची थी।

‘विधायक खुद गाड़ी नहीं धोता’, रामनिवास शाह का पलटवार

मामला तूल पकड़ने के बाद बीजेपी विधायक रामनिवास शाह ने अपनी सफाई पेश की। विपक्ष के सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझना चाहिए कि कोई विधायक खुद खड़े होकर अपनी गाड़ी नहीं धोता है। उन्होंने इस मामले को तूल देने वालों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ऐसे लोग मुद्दाविहीन राजनीति कर रहे हैं।

कार्यक्रमों की व्यस्तता और ड्राइवर पर डाला दारोमदार

विधायक ने अपनी दिनचर्या का हवाला देते हुए बताया कि भोपाल से लौटने के बाद वे लगातार कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे। उनके मुताबिक, वे साइकिल वितरण कार्यक्रम, बीपी मंडल जयंती समारोह और शांति समिति की बैठक में हिस्सा ले रहे थे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने सिर्फ अपने ड्राइवर से गाड़ी समय पर लेकर आने को कहा था। वाहन कैसे धुलवाया गया, किसके द्वारा धुलवाया गया और वहां दमकल की गाड़ी किसी तकनीकी कारण से पहुंची थी या नहीं, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। शाह का कहना है कि इस बारे में सही जवाब गाड़ी का ड्राइवर या नगर निगम के कर्मचारी ही दे सकते हैं।

नगर निगम कमिश्नर बेखबर, कार्रवाई का इंतजार

जिस फायर ब्रिगेड वाहन से गाड़ी धोने का वीडियो वायरल है, उसके विभाग के शीर्ष अधिकारियों को भी घटना की जानकारी नहीं है। मामले पर सिंगरौली नगर निगम की कमिश्नर सविता प्रधान ने कहा कि उन्हें इस घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं है।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासनिक स्तर पर चर्चा जरूर शुरू हो गई है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में प्रशासन की तरफ से किसी तरह की आधिकारिक जांच या संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।