अखिलेश का तंज: सपा दफ्तर से लीक हो रहीं योजनाएं, सरकार पर निशाना

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य की योगी सरकार पर तंज कसते हुए एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी के दफ्तर से उनकी रणनीतियां और मैनिफेस्टो से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं सरकार तक पहुंच रही हैं। 26 अगस्त, सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कन्नौज सांसद ने हाल ही में सरकार द्वारा शुरू की गई फ्री बस सेवा को अपनी पार्टी का ओरिजिनल आइडिया करार दिया।
‘अपने ऑफिस को फुल शील्ड करना होगा’
प्रेस वार्ता के दौरान जब अखिलेश यादव से योगी सरकार की फ्री बस सेवा को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया लेकिन तीखे लहजे में जवाब दिया। सपा प्रमुख ने कहा, “हमारी ऑफिस को फुल शील्ड करना होगा। हमारी योजनाएं वहां तक पहुंच जा रही हैं। हमें समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर ये जानकारियां कैसे पहुंच रही हैं।”
मैनिफेस्टो की रणनीति लीक होने का दावा
अखिलेश यादव ने बसों को फ्री करने के फैसले को सीधे तौर पर अपनी पार्टी की चुनावी रणनीति से जोड़ते हुए इसे सूचना लीक होने का नतीजा बताया। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस योजना को अपने चुनाव घोषणापत्र (Manifesto) का हिस्सा बनाने की तैयारी कर रही थी।
विपक्षी नेता ने स्पष्ट करते हुए कहा, “आज हमें यह तय करना था, दो हफ्ते पहले ही विचार हुआ था कि आने वाले समय में मैनिफेस्टो में हम इसे तय करेंगे। लेकिन लगता है कि हमारे ऑफिस से ही यह सूचना सरकार तक पहुंच गई। उसी का यह परिणाम है कि बस फ्री हो गई।”
