Reservation Protest: दिल्ली से लखनऊ तक आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन

नई दिल्ली : आरक्षण व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रविवार को दिल्ली से लेकर लखनऊ तक पहुंच गया। राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा आरक्षण नीति के साथ UGC Equity Regulations 2026 और रोस्टर सिस्टम में बदलाव की मांग उठाई। पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने का हवाला देते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया और प्रदर्शन स्थल से हटाने के बाद उन्हें छोड़ दिया।
दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी
दिल्ली पुलिस ने पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की बात कही थी। इसके बावजूद रविवार को प्रदर्शनकारी दिल्ली पहुंचे। जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले कई लोगों को पुलिस ने रोका और कुछ को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
सोशल मीडिया अभियान के बाद जुटे लोग
दिल्ली पहुंचने की अपील सोशल मीडिया पर भी की गई थी। ‘चलो दिल्ली’ और ‘CP March’ जैसे अभियानों के जरिए प्रदर्शनकारियों से जुटने की अपील की गई।
लखनऊ में सवर्ण मोर्चा का प्रदर्शन
लखनऊ में सवर्ण मोर्चा ने आरक्षण, UGC के नियमों और SC-ST Act समेत कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। गोमतीनगर के 1090 चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने करीब आधे घंटे तक नारेबाजी की।
इसके बाद प्रदर्शनकारी बैकुंठ धाम श्मशान घाट की ओर रवाना हुए। वहां सवर्ण सांसदों और विधायकों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के हाथों में ‘संवैधानिक अछूत’ लिखी तख्तियां भी दिखाई दीं।
प्रदर्शनकारियों ने UGC के नियम वापस लेने की मांग भी उठाई।
मायावती ने आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग पर जताई असहमति
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने दिल्ली में आरक्षण के विरोध में चल रहे प्रदर्शन को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि जंतर-मंतर पर जुटे लोगों की ओर से आर्थिक स्थिति के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन ऐसी मांग को सही नहीं ठहराया जा सकता।
मायावती ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उनकी प्रतिक्रिया ऐसे समय आई जब दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की ओर से आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की चर्चा सामने आई।
ओमप्रकाश राजभर बोले- आरक्षण खत्म नहीं किया जा सकता
उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी आरक्षण को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया दी।
चित्रकूट में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के कार्यक्रम में पहुंचे राजभर ने कहा कि आरक्षण को समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मुद्दे को लेकर लोगों के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं।
राजभर ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज के सबसे वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से आरक्षण की व्यवस्था की थी।
