राजू दास मथुरा-काशी को लेकर बोले- योगी के नेतृत्व में ही होगा मंदिर निर्माण

गोरखपुर: हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रविवार को गोरखपुर के एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे राजू दास ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में सपा की हालत खराब हो जाएगी और पार्टी “40 सीट छूते-छूते” परेशान हो जाएगी।
मथुरा और काशी में मंदिर निर्माण के सवाल पर राजू दास ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हुआ, उसी तरह मथुरा और काशी में भी मंदिर निर्माण योगी के नेतृत्व में ही होगा।
मथुरा-काशी को लेकर कार सेवा का दावा
राजू दास ने कहा कि मथुरा और काशी से जुड़े मामलों में कोर्ट में कानूनी लड़ाई जारी रहेगी और आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने जल्द कार सेवा शुरू करने की बात कही और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, मथुरा में कृष्णलला के मंदिर के लिए भी इसी तरह आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों के नेतृत्व के बिना अयोध्या में राम मंदिर संभव नहीं होता। उन्होंने उम्मीद जताई कि मथुरा और काशी में भी मंदिर निर्माण की दिशा में आगे काम होगा।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना को राजू दास ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। हालांकि, इस मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें राम और धार्मिक आस्था से जुड़ी राजनीति पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
राजू दास ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले में न्यायिक प्रक्रिया चल रही है और सही तथ्य सामने आने में समय लग सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि अंत में “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए दावा किया कि समाजवादी पार्टी की स्थिति खराब होने वाली है। उन्होंने कहा, “गारंटी के साथ कहते हैं कि वह फ्रस्ट्रेट हो गए हैं। 40 सीट छूते-छूते हालत खराब हो जाएगी।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी राजू दास ने टिप्पणी की। उन्होंने राहुल गांधी पर भारतीय संस्कृति और महापुरुषों के अनुरूप राजनीति नहीं करने का आरोप लगाया।
‘भगवान को कोई चंदा नहीं दे सकता’
राम मंदिर में चढ़ावे और SIT की रिपोर्ट से जुड़े सवाल पर राजू दास ने कहा कि “भगवान को कोई चंदा नहीं दे सकता है” और इस मामले में शब्दावली में सुधार की जरूरत है।
उन्होंने दावा किया कि मामले में SIT गठित हुई थी और रिपोर्ट भी दी गई है। साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी SIT गठित हुई है।
राजू दास ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जो सही होगा, वही सामने आएगा।
