योगी का बड़ा हमला, बोले- सपा को जनता अगले चुनाव में साफ कर देगी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में आयोजित मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव के हालिया बयान का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि सपा की राजनीति परिवार तक सीमित है और जनता अगले चुनाव में उसे पूरी तरह नकार देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज आपने उनका बयान पढ़ा होगा, समाजवादी पार्टी के मुखिया का। बबुआ ने आज एक बयान दिया है, कहा है कि जब हमारे परिवार के सभी लोग सांसद हैं, इसीलिए तो सपा सपा बनी हुई है।” इसके जवाब में योगी ने कहा, “हमने कहा, सपा इसलिए सपा है क्योंकि जनता उसको अगले चुनाव में साफ ही कर देगी, हमेशा के लिए।”
सपा पर परिवार और गरीबों की राजनीति को लेकर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर गरीबों के शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर भी निशाना साधा। उनका आरोप था कि पहले गरीबों के लिए चलने वाली योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक नहीं पहुंचता था। उन्होंने कहा, “ये सपाई और कांग्रेसी गरीब के हक में डकैती डालते थे।”
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनधन योजना और Direct Benefit Transfer यानी DBT व्यवस्था के बाद सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।
मिड-डे मील रसोइयों के लिए चार बड़े ऐलान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3 लाख 53 हजार से अधिक मिड-डे मील रसोइयों के लिए चार घोषणाएं कीं। इनमें मानदेय बढ़ाने से लेकर कैशलेस इलाज और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता शामिल है।
घोषणाओं के मुताबिक:
- मानदेय: मिड-डे मील रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह किया जाएगा।
- दुर्घटना सहायता: दुर्घटना की स्थिति में परिवार को ₹2 लाख तक की सहायता मिलेगी।
- कैशलेस चिकित्सा: रसोइये और उनके परिवार को हर साल ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
- ड्रेस/साड़ी राशि: ड्रेस या साड़ी के लिए मिलने वाली राशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 की जाएगी।
बच्चों के पोषण में रसोइयों की भूमिका पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिड-डे मील रसोइये प्रदेश के बच्चों को स्वस्थ और समर्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार अब उनके स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा पर भी ध्यान दे रही है।
