योगी संभल से, अखिलेश गोरखपुर से लड़ें चुनाव! ओवैसी ने दी खुली चुनौती

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल फूंक दिया है। आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जोरदार जुबानी हमला बोला।
ओवैसी ने हाल ही में योगी और अखिलेश द्वारा एक-दूसरे को अयोध्या और अन्य सीटों से चुनाव लड़ने की दी गई चुनौती पर तंज कसते हुए नया दांव चला। उन्होंने कहा कि दोनों नेता एक-दूसरे को चुनौती देने के बजाय अखिलेश यादव को गोरखपुर और सीएम योगी को संभल से चुनाव लड़ना चाहिए; तब जाकर पता चल जाएगा कि जनता वास्तव में किसे कितना समर्थन देती है।
‘लाल टोपी ने मुसलमानों को सिर्फ सत्ता की सीढ़ी बनाया’
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि सपा ने हमेशा मुसलमानों का इस्तेमाल सत्ता की सीढ़ी चढ़ने के लिए किया, लेकिन उन्हें कभी बराबरी का हक नहीं दिया।
मुस्लिम युवाओं से अपील करते हुए AIMIM प्रमुख ने कहा, “युवाओं को अपनी जवानी अपने माता-पिता के नाम कुर्बान करनी चाहिए, न कि अखिलेश यादव के नाम।” उन्होंने कहा कि अब किसी की गुलामी नहीं करनी है, बल्कि सभी को अपना नेता खुद बनना होगा। ओवैसी ने कहा, “हम केवल यहां के लोगों को उनका हक और अधिकार दिलाना चाहते हैं।”
आजमगढ़ बनाम सैफई: विकास पर उठाए सवाल
आजमगढ़ के विकास को लेकर ओवैसी ने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “सैफई में इतने स्कूल और कॉलेज हैं कि आप गिनती नहीं कर पाओगे, जबकि आजमगढ़ में लाल टोपी (सपा) ने कुछ नहीं दिया।”
उन्होंने तंज कसा कि समाजवादी पार्टी के जिले में दो सांसद, दस विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधि हैं, फिर भी यहां की सड़कों की स्थिति बदहाल है और विकास के प्रयास नदारद हैं।
‘एनकाउंटर का नाम बदलकर पीएम के नाम पर रख दें’
ओवैसी ने प्रदेश की योगी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उत्तर प्रदेश में हो रहे एनकाउंटरों और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “एनकाउंटरों का नाम बदलकर प्रधानमंत्री के नाम पर योजना रख देना चाहिए और चुनाव आयोग का नाम भी बदलकर ‘प्रधानमंत्री सरकार बनाओ कार्यालय’ कर देना चाहिए।”
ओवैसी ने आरोप लगाया कि राज्य में जानबूझकर मुसलमानों के घरों, दुकानों, मस्जिदों और कब्रिस्तानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जा रही है।
जंतर-मंतर प्रदर्शन का भी किया जिक्र
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि सरकार ने जिस तरह से वहां पाबंदियां लगाईं और युवाओं को हिरासत में लिया, उससे उनके हौसले नहीं टूटने वाले हैं। साथ ही उन्होंने उन विपक्षी दलों पर भी सवाल उठाए जो दिल्ली के प्रदर्शन में उनके (ओवैसी के) शामिल नहीं होने पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
जनसभा के अंत में ओवैसी ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में AIMIM प्रत्याशियों को जिताने की जोरदार अपील की।

