गनर बाहर, नेता अंदर बंधक! कानपुर में BJP नेता रमेश के फार्महाउस में लूट

उत्तर प्रदेश के कानपुर में बेखौफ बदमाशों ने सत्ताधारी दल के एक बड़े नेता के घर धावा बोलकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। भाजपा पिछड़ा मोर्चा (OBC Morcha) के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्महाउस में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और करीब 50 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। यह वारदात उस रात हुई, जब रमेश यादव राजधानी लखनऊ से अपना नया पदभार ग्रहण करके कानपुर वापस लौटे थे।
नकाबपोशों ने हाथ-पैर बांधे, बाहर खड़ा गनर रहा बेखबर
यह वारदात शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित रमेश यादव के फार्महाउस पर हुई। आधी रात के वक्त कुछ नकाबपोश बदमाश फार्महाउस की बाउंड्री पार कर अंदर घुसे।
बदमाशों ने सबसे पहले रमेश यादव को काबू में किया और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाला और लगभग 50 लाख रुपये की नकदी व कीमती सामान समेट कर फरार हो गए। इस पूरी डकैती की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि फार्महाउस के बाहर सुरक्षा के लिए तैनात गनर को अंदर चल रही इस वारदात की भनक तक नहीं लगी।
दिनभर बधाइयों का तांता, रात में डाका
रमेश यादव के लिए 1 अक्टूबर का दिन राजनीतिक रूप से बेहद खास था। उन्हें पार्टी ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री की अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। सोमवार को ही वह लखनऊ गए थे और अपना पदभार ग्रहण किया था।
दिनभर उनके समर्थकों और नेताओं की ओर से बधाइयों का तांता लगा रहा। लखनऊ की भागदौड़ के बाद वे देर शाम कानपुर लौटे थे और थकान मिटाने के लिए सीधे अपने फार्महाउस चले गए। आधी रात को जब वे आराम कर रहे थे, तभी बदमाशों ने इस हाई-प्रोफाइल डकैती को अंजाम दे दिया।
पुलिस महकमे में हड़कंप, CCTV फुटेज की हो रही जांच
सत्ताधारी दल के प्रदेश स्तर के पदाधिकारी के घर डकैती की सूचना मिलते ही कानपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ रातों-रात घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है। बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने के लिए फार्महाउस और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस के हाथ अब तक लुटेरों का कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
कौन हैं रमेश यादव?
रमेश यादव कानपुर इलाके के कद्दावर और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वह खुद तीन बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि यादव भी ब्लॉक प्रमुख के पद पर रही हैं।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में रमेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर कानपुर की बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हाल ही में उन्होंने बसपा छोड़कर भाजपा का दामन थामा था, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें संगठन में प्रदेश मंत्री का अहम पद सौंपा था।

