सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा, राजीव के प्रधानमंत्री बनने के बिल्कुल खिलाफ थीं

कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आगामी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग – ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging – A Journey of Love) को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपने जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं, जिसने पुस्तक के लॉन्च से पहले ही चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
राजीव गांधी को लेकर किया चौंकाने वाला खुलासा
वीडियो में सबसे चर्चित हिस्सा वह है जिसमें सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब राजीव गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाया जा रहा था, तब वह इस फैसले के बिल्कुल खिलाफ थीं और कभी नहीं चाहती थीं कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री की कुर्सी संभालें।
‘कुछ तमाशा होना तो तय है’
सोनिया गांधी की यह बहुचर्चित किताब अगले महीने 10 नवंबर को लॉन्च होने जा रही है। पुस्तक को लेकर अपनी बेबाक राय रखते हुए उन्होंने वीडियो पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “जब यह किताब आएगी, तो कुछ तमाशा होना तो तय है।”
‘दूसरों ने मेरी कहानी सुनाई, अब मेरी बारी है’
सोनिया गांधी ने किताब लिखने के पीछे की वजह साझा करते हुए कहा कि उनके बारे में बहुत कुछ लिखा गया है, जिसमें से काफी कुछ सही नहीं था। उन्होंने कहा, “आखिरकार, दूसरों ने दशकों तक मेरी कहानी सुनाई है, अब मेरी बारी है।”
उन्होंने आगे कहा, “बहुत-सी बातें या तो मनगढ़ंत थीं या फिर उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था। इसलिए मुझे लगा कि अब मुझे खुद अपनी कहानी लिखनी चाहिए और तथ्यों व घटनाओं को ठीक वैसे ही दुनिया के सामने रखना चाहिए, जैसे वे असलियत में घटी थीं।” यह आत्मकथा सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन, गांधी परिवार और भारतीय राजनीति के कई अनकहे पहलुओं को उजागर कर सकती है।

