हरियाणवी सिंगर अंकित की सरेआम हत्या, अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मशहूर हरियाणवी और पश्चिमी यूपी के लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जिम से बाहर निकलते वक्त अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी पारा भी चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे कानून-व्यवस्था का ‘शून्य’ हो जाना करार दिया है।
18 राउंड फायरिंग और दहशत का माहौल
वारदात शामली कोतवाली क्षेत्र की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि बंटीखेड़ा निवासी अंकित बालियान को जिम से बाहर निकलते ही गोली मार दी गई है। डायल 112 से मिली सूचना के बाद कोतवाली पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमलावरों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया और करीब 18 राउंड फायरिंग की। खून से लथपथ गायक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर निशाना
अंकित बालियान की हत्या के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने लिखा कि यूपी की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।
सपा मुखिया ने घटना के बाद के हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि मृतक की दुखी मां का अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होना एक हृदयविदारक समाचार है।
‘जाट समाज में आक्रोश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की हो जांच’
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने इस घटना को एक विशेष समुदाय के आक्रोश से भी जोड़ा। उन्होंने बताया कि जाट समाज ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर अपनी मांग बुलंद की है। उनके अनुसार, यूपी का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है।
इसके साथ ही सपा अध्यक्ष ने इस हत्याकांड में किसी गहरी साजिश की आशंका जताते हुए इसकी जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग की है। इसे उन्होंने बेहद निंदनीय करार दिया।
दो बाइकों पर आए थे चार हमलावर, CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल इस हत्याकांड की हर एंगल से पड़ताल कर रही है। एसपी एनपी सिंह ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले चार लड़के थे, जो दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान दो-तीन खाली खोखे भी मिले हैं। पूरी पुलिस टीम इस मामले के खुलासे में जुटी है। हमलावरों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
