इंदौर में बदहाल सड़कों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, कीचड़ में बैठे नेता

congress

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में खराब सड़कों की समस्या को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम और सत्तारूढ़ बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर के बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड की खस्ताहाल स्थिति से नाराज कांग्रेस नेताओं ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में पार्टी पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जमा कीचड़ के बीच बैठकर प्रदर्शन किया और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

दो साल से खुदी पड़ी है सर्विस रोड

बॉम्बे हॉस्पिटल के नजदीक स्थित इस सर्विस रोड की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। बारिश के कारण सड़क पर भारी कीचड़ और पानी जमा हो गया है, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि करीब दो साल पहले ड्रेनेज लाइन डालने के लिए इस पूरी सड़क को खोदा गया था। लाइन का काम पूरा होने के बाद भी नगर निगम ने सड़क का व्यवस्थित तरीके से पुनर्निर्माण नहीं किया, जिसका खामियाजा अब स्थानीय लोग और राहगीर भुगत रहे हैं।

चक्का जाम की चेतावनी और 5 दिन का अल्टीमेटम

सड़क की दुर्दशा से आक्रोशित चिंटू चौकसे अपने समर्थकों के साथ सीधे कीचड़ में ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन और बीजेपी परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

चिंटू चौकसे ने मौके से ही नगर निगम प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर तय समय सीमा के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी और चक्का जाम किया जाएगा।

‘रील बनाने के लिए कीचड़ में लोट रहे कांग्रेसी’

कांग्रेस के इस कीचड़ वाले प्रदर्शन पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस के इस विरोध को पब्लिसिटी स्टंट और रील बनाने का जरिया करार दिया।

यादव ने दावा किया कि जिस सड़क पर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है, वहां जनभागीदारी के जरिए निर्माण कार्य पहले से ही जारी है। कांग्रेस के तरीके पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं को केवल रील बनानी होती है और यह बीमारी जीतू पटवारी से लेकर राहुल गांधी तक फैली हुई है।

बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता यह सोचकर प्रदर्शन करते हैं कि कैसे कीचड़ में लोटकर रील बनाई जाए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि इंदौर की जनता सब समझती है, इसलिए ऐसी ‘रील बाजी’ और चोचले करके वे शहर को बदनाम न करें।