जुबिन नौटियाल के पिता ने छोड़ी बीजेपी? कांग्रेस में वापसी के पीछे बताई वजह

congress
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

उत्तराखंड में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता और वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़कर वापस कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में नौटियाल ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

रामशरण नौटियाल का राजनीतिक सफर कांग्रेस से ही शुरू हुआ था। वह करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। नौटियाल देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

‘बीजेपी में महसूस हो रही थी घुटन’

नौटियाल का स्वागत करते हुए कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने इसे एक पुराने साथी की ‘घर वापसी’ करार दिया। सैलजा ने कहा, “हमारे पुराने साथी रामशरण नौटियाल जी को बीजेपी में घुटन महसूस हुई। वहां के माहौल और काम से उनका मन खिन्न हो गया था। रामशरण जी फिर से कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और मैं उनका स्वागत करती हूं।”

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी नौटियाल के शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी से आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड के भीतर कांग्रेस पार्टी को और ताकत मिलेगी।

बीजेपी छोड़ने की वजह: ‘सम्मान न मिलना’

रामशरण नौटियाल ने बीजेपी से अपने इस्तीफे की मुख्य वजह पार्टी के भीतर उचित सम्मान न मिलना बताया।

बीजेपी से किनारा करने के सवाल पर नौटियाल ने स्पष्ट किया, “कोई भी व्यक्ति जिस जगह पर पिछले 12 साल से काम कर रहा हो, उसे वह ऐसे ही नहीं छोड़ देता। व्यक्ति जहां भी काम करे, उसे वहां सम्मान मिलना चाहिए। अगर सम्मान नहीं मिलेगा तो वह स्वाभाविक रूप से उससे किनारा करेगा।”