दिल्ली मार्च को संजय राउत का समर्थन, सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली: 5 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित CJP के मार्च को शिवसेना UBT के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने समर्थन दिया है।
संजय राउत ने कहा कि सरकार की ओर से जिन मंत्रियों ने CJP नेताओं से बातचीत की थी, अब उन्हीं मंत्रियों की जिम्मेदारी है कि किए गए वादे पूरे क्यों नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अगर CJP फिर से आंदोलन खड़ा करना चाहता है तो वह उसका स्वागत करेंगे।
राहुल गांधी को लेकर भी बोले राउत
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय राउत ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को कभी किसी एक धर्म की बात करते हुए नहीं देखा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी हिंदू धर्म के खिलाफ भी बात नहीं करते हैं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा कि रिजिजू कभी कांग्रेस पार्टी में काम करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी से डरी हुई है।
राउत के मुताबिक राहुल गांधी ने देश, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने सरकार पर लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
‘राहुल गांधी आपकी पकड़ में नहीं आने वाले’
किरेन रिजिजू को लेकर राउत ने कहा कि वह संसदीय कार्य मंत्री जरूर हैं, लेकिन राहुल गांधी पर इस तरह की टिप्पणी करने के लिए उन्हें इतना बड़ा नेता नहीं मानते।
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी बहुत आगे निकल चुके हैं और आपकी पकड़ में नहीं आने वाले हैं।”
महाराष्ट्र के आदिवासी छात्रों का मुद्दा भी उठाया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राहुल गांधी की ओर से लिखी गई चिट्ठी के सवाल पर भी राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पुणे में आदिवासी छात्रों के आंदोलन का जिक्र किया।
राउत ने दावा किया कि राहुल गांधी के मुद्दा उठाने के बाद ही आंदोलन कर रहे आदिवासी छात्रों की स्थिति देशभर में सामने आई।
उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल लड़कियां राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखने पहुंचीं और इसके बाद महाराष्ट्र के आदिवासी छात्रों की स्थिति की जानकारी देशभर में सामने आई।
