‘मोहन भागवत को जज बना लीजिए’, राहुल ने मोदी को बहस के लिए ललकारा

rahul
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार (3 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने पीएम मोदी को खुली बहस (Debate) की चुनौती देते हुए कहा है कि इस बात का फैसला मंच पर आमने-सामने बैठकर होना चाहिए कि असली ‘देशद्रोही’ कौन है और किसके तार विदेशी ताकतों से जुड़े हैं।

24 घंटे का अल्टीमेटम और ‘देशद्रोही’ पर सवाल

कांग्रेस नेता ने अपनी पिछली चुनौती को दोहराते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए चैलेंज को 24 घंटे बीत चुके हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, “24 घंटे हो गए मोदी जी, मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हैं कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पर आप जगह चुनिए और मेरे साथ डिबेट कीजिए।”

नेता प्रतिपक्ष ने विदेशी संबंधों के मुद्दे को उठाते हुए सवाल किया कि यह बहस में ही तय हो कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों (Foreign forces) के साथ किसका और किस प्रकार का कनेक्शन है। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि इस डिबेट को जल्दी से जल्दी आयोजित कीजिए और इससे डरिए मत।

‘टेबल पर आमने-सामने बैठेंगे, मोहन भागवत को बना लें जज’

राहुल गांधी ने अपनी प्रस्तावित डिबेट का पूरा खाका भी पेश किया। उन्होंने मंच और माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि एक टेबल होगी, जिसके एक तरफ प्रधानमंत्री बैठेंगे और दूसरी तरफ वह खुद मौजूद रहेंगे। इस दौरान मीडिया और देश के युवा भी वहां उपस्थित रहेंगे, जो दोनों नेताओं की बात सुनेंगे।

इस बहस के लिए जज या रेफरी नियुक्त करने को लेकर भी कांग्रेस सांसद ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख का नाम लेकर निशाना साधा। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, “जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो। मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो। और फिर डिबेट करते हैं।”