राहुल गांधी का चुनाव आयुक्त पर हमला, आंदोलन को बताया ‘शिव की बारात’

rahul
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के हमले को और आक्रामक कर दिया है। ‘INDIA’ (इंडिया) गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट तक निकाले जा रहे बड़े विरोध प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस दौरान उन्होंने चुनाव आयुक्त पर तंज कसते हुए आम जनता से इस आंदोलन में जुड़ने की अपील की और अपने इस विरोध प्रदर्शन को ‘शिव तांडव’ का नाम दिया। राहुल गांधी ने ऐलान किया कि वे आज शाम सुप्रीम कोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ याचिका भी दायर करेंगे।

क्या है विवाद की जड़?

गौरतलब है कि एक अखबार की रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वोटर लिस्ट को ठीक करने की प्रक्रिया, जिसे ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) कहा जाता है, उसमें कथित गड़बड़ियों को लेकर भारी विवाद में घिरे हुए हैं। कांग्रेस से लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) तक पूरा विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है।

‘ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं, उन्हें नींद नहीं आ रही’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने सीधे चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं। उन्हें नींद नहीं आ रही है।”

राहुल ने आम जनता से अपील की कि वे सुप्रीम कोर्ट की ओर जाते समय उनके मार्च में शामिल हों। उन्होंने हर तबके को जोड़ने की रणनीति के तहत कहा:

  • “तिरंगा साथ लेकर आएं।”

  • “अगर आ नहीं सकते तो, जहां हैं वहीं हाथ में तिरंगा लेकर खड़े हो जाएं।”

  • “अगर किसी कारणवश हाथ में तिरंगा नहीं ले सकते, तो घरों से बाहर निकलकर खड़े हो जाएं।”

  • “अगर घर से बाहर निकलकर भी खड़े नहीं हो सकते, तो घर में ही खड़े होकर मन में कहें- मुझे संविधान को बचाना है।”

‘50% पुलिस वाले कह रहे- आप सही कर रहे हैं’

राहुल गांधी ने दावा किया कि खुद पुलिस महकमे के कम से कम 50 प्रतिशत कर्मियों का मानना है कि विपक्ष जो कर रहा है, वह सही है। उन्होंने कहा, “आपको लगता होगा कि हमारे लिए यह मुश्किल है, क्योंकि पुलिस हमें पीट रही है। अगर आप थक गए हैं, तो वे (पुलिस) भी थक गए हैं। पुलिस भी पूछ रही है कि ‘हम ज्ञानेश कुमार जैसे शख्स को क्यों बचा रहे हैं?’ इसलिए, अब बस डटे रहने की बात है। हम रुकेंगे नहीं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कितना समय लगेगा- दिन, हफ्ते, महीने या साल।”

‘सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में’

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को सीधा संदेश देते हुए एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, “मैं पीएम मोदी से कहना चाहता हूं कि उनकी सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं।”

आंदोलन को बताया ‘शिव की बारात’

रणनीति में इस बदलाव का मकसद आंदोलन को एक बड़े ‘लोकतांत्रिक विरोध’ के तौर पर पेश करना है। आज सड़कों पर उतरने से पहले, राहुल ने एक वीडियो मैसेज जारी कर नागरिक समाज और आम जनता से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा, “सभी विरोध-प्रदर्शन असल में एक ही हैं। अगर आप संविधान की रक्षा के लिए यहां आए हैं, तो हम आपके साथ हैं।” यह बात उन्होंने CJP के संदर्भ में भी कही, जो इसी मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही है।

धरना-प्रदर्शन कब रुकेगा, इस सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि वे कोई भी विरोध प्रदर्शन रणनीति बनाकर नहीं करते। उन्होंने कहा, “ये शिव तांडव हो रहा है। शिव की बारात में कोई भी शामिल हो सकता है। फिर चाहे वह किसी भी पार्टी या क्षेत्र से हो। पत्रकार भी इस आंदोलन के साथ जुड़ सकते हैं। हमारी नजर में सभी एक समान हैं, जो संविधान की रक्षा के लिए आगे आना चाहता है।”