फरीदकोट में AQI 1351, श्रीगंगानगर-बठिंडा में भी खतरनाक हालात

smog
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

दीपावली (Diwali) के बाद देशभर में प्रदूषण (Pollution) का हाल भयावह हो गया है। त्योहार पर चले पटाखों और खेतों में जलाई जा रही पराली (Stubble Burning) के धुएं की वजह से वायु प्रदूषण इस कदर बढ़ गया है कि लोगों को सामान्य रूप से सांस लेने में भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदूषण के कारण देश के कई शहरों में धुंध (Smog) की इतनी मोटी परत छा गई है कि ऐसा लग रहा है मानो सर्दियों का घना कोहरा (Fog) हो। देशभर में वायु की गुणवत्ता (Air Quality) बेहद चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। वायु प्रदूषण का सबसे ज्यादा और बुरा असर हरियाणा (Haryana), पंजाब (Punjab) और उत्तर प्रदेश (UP) में देखने को मिल रहा है। आइए आपको बताते हैं कि देश के किन शहरों की हवा सबसे ज्यादा जहरीली हो चुकी है।

1000 के पार पहुंचा इन 3 शहरों का AQI, फरीदकोट सबसे आगे

वायु गुणवत्ता के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में पंजाब का फरीदकोट (Faridkot) सबसे ऊपर है। यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जानकर आप हैरान रह जाएंगे। फरीदकोट में प्रदूषण का स्तर सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1000 के पार जा चुका है; इस समय यहां का AQI 1312 दर्ज किया गया है, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में है।

फरीदकोट के बाद दूसरे नंबर पर राजस्थान का श्री गंगानगर (Sri Ganganagar) है, जहां का एक्यूआई 1228 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, तीसरे नंबर पर पंजाब का बठिंडा (Bathinda) है, जहां एक्यूआई 1122 दर्ज हुआ है।

देश के टॉप 5 प्रदूषित शहर:

  1. फरीदकोट (पंजाब) – 1312

  2. श्री गंगानगर (राजस्थान) – 1228

  3. बठिंडा (पंजाब) – 1122

  4. सिरसा (हरियाणा) – 809

  5. पानीपत (हरियाणा) – 614

टॉप 10 में हरियाणा और पंजाब के शहरों का दबदबा

देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में छठे से 10वें स्थान तक भी पूरी तरह से हरियाणा और पंजाब के शहरों का ही कब्जा है।

  • छठे नंबर पर हरियाणा का हिसार (Hisar) है, जिसका एक्यूआई 610 है।

  • सातवें नंबर पर 565 एक्यूआई के साथ पंजाब का पटियाला (Patiala) है।

  • आठवें नंबर पर हरियाणा का प्रमुख शहर गुरुग्राम (Gurugram) है, जहां का एक्यूआई 546 दर्ज किया गया है।

  • नौवें नंबर पर 511 एक्यूआई के साथ हरियाणा का करनाल (Karnal) और दसवें नंबर पर 500 एक्यूआई के साथ पंजाब का लुधियाना (Ludhiana) शहर है।

गैस चैंबर बना दिल्ली-NCR, स्वास्थ्य की चेतावनी जारी

आधिकारिक वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली (Delhi) का एक्यूआई 387 और नोएडा (Noida) का 303 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ (Very Poor) श्रेणी में आता है। कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) का हाल बेहद बुरा है।

जहरीली हवा और प्रदूषण की वजह से लोगों, खासकर अस्थमा और सांस के मरीजों की तबीयत काफी खराब हो रही है। बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह जारी की है।

रैंक शहर AQI (US)
1 फरीदकोट, पंजाब 1351
2 श्रीगंगानगर, राजस्थान 1287
3 बठिंडा, पंजाब 1118
4 सिरसा, हरियाणा 789
5 पटियाला, पंजाब 578
6 पानीपत, हरियाणा 564
7 हिसार, हरियाणा 563
8 गुरुग्राम, हरियाणा 516
9 लुधियाना, पंजाब 499
10 गोरखपुर, उत्तर प्रदेश 477