गंगा के ऊपर राफेल-सुखोई की गर्जना, काशी में पीएम मोदी ने देखा एयर शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं। काशी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सबसे पहले एक टेक्सटाइल मिल का उद्घाटन किया और इसके बाद 7 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रोड शो के समापन के बाद पीएम मोदी ने नमो घाट पहुंचकर भारतीय वायु सेना (IAF) की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भव्य एयर शो देखा। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
नमो घाट पर वायु सेना का पराक्रम
नमो घाट पर आयोजित इस एयर शो को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया गया है। सफेद रंग की टोपी और चश्मा पहने प्रधानमंत्री मोदी ने आसमान में वायु सेना के लड़ाकू विमानों का करतब देखा। इस विशेष एयर शो में राफेल, सुखोई और जगुआर जैसे 52 लड़ाकू विमानों के साथ-साथ हेलीकॉप्टरों ने भी हवा में अपनी ताकत दिखाई। एयर शो को देखने के लिए घाट पर आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
7 किलोमीटर लंबा रोड शो और कपड़ा मिल की सौगात
एयर शो से पहले पीएम मोदी ने दोपहर करीब 12 बजे पुलिस लाइन से नमो घाट तक 7 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में समर्थकों ने उन पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
इससे पहले दिन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने रूपापुर में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी अरविंद टेक्सटाइल मिल का उद्घाटन किया। उन्होंने फैक्ट्री का दौरा कर इसकी खासियतों को समझा और वहां मौजूद महिला कामगारों से बातचीत की। इस फैक्ट्री के शुरू होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
‘मन की बात’ में खादी की रिकॉर्ड बिक्री का जिक्र
रविवार सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड भी प्रसारित हुआ। आज से 12 वर्ष पहले विजयादशमी के मौके पर शुरू हुए इस कार्यक्रम के सफर को याद करते हुए उन्होंने इसे देशवासियों के पराक्रम और सेवा भाव के गान का अवसर बताया।
अपने संबोधन में ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि इस बार गांधी जयंती पर एक ही दिन में खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों की 28 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई है। यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले डेढ़ करोड़ रुपये ज्यादा है।
शाम को ओडिशा में RBI डेटा सेंटर का उद्घाटन
वाराणसी का अपना कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री शाम को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह शाम 4:45 बजे भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अत्याधुनिक डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

