Pakistan PIMS Hospital Fire: 15 नवजातों की मौत

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को आग लगने से 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हादसा पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में स्थित नर्सरी में हुआ। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय नर्सरी में 16 नवजात शिशु मौजूद थे। इनमें से केवल एक बच्चे को बचाया जा सका।
हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल ने नर्सरी तक पहुंचने के लिए खिड़की का शीशा तोड़ा और अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें फायरफाइटर्स को अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित नर्सरी में पहुंचते देखा जा सकता है।
सुबह करीब 7 बजे लगी आग
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि वार्ड में आग सुबह करीब 7 बजे लगनी शुरू हुई थी।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बचाव कर्मियों ने अस्पताल में लगी आग पर काबू पा लिया है। इसके बाद दमकल और बचाव टीमें घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि आग दोबारा न भड़के।
बचाव अभियान से जुड़े सूत्रों ने शुरुआती तौर पर AC के कंप्रेसर में विस्फोट को आग लगने की वजह बताया है।
