दिवाली का तोहफा! 30 साल बाद न्यू कानपुर सिटी को RERA मंजूरी

kda
अजमल शाह
अजमल शाह

कानपुर में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए दिवाली पर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) के सबसे बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट ‘न्यू कानपुर सिटी’ को उत्तर प्रदेश रेरा (UP RERA) से हरी झंडी मिल गई है। इसके साथ ही केडीए ने दिवाली के मौके पर योजना के पहले फेज में 597 आवासीय प्लॉट्स लॉन्च करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जल्द ही अथॉरिटी इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।

30 साल से अटका था प्रोजेक्ट

‘न्यू कानपुर सिटी’ केडीए की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे जमीन पर उतारने की कोशिशें पिछले 30 सालों से चल रही थीं। जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और अन्य कानूनी अड़चनों के कारण यह प्रोजेक्ट लंबे समय से अटका हुआ था। लेकिन अब रेरा की मंजूरी के बाद फर्स्ट फेज की लॉन्चिंग का रास्ता साफ हो गया है।

यह प्रोजेक्ट भविष्य में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (NE-6), कानपुर आउटर रिंग रोड और प्रस्तावित नोएडा-गाजियाबाद-कानपुर एक्सप्रेसवे से बेहतरीन कनेक्टिविटी का लाभ उठाएगा।

सभी वर्गों के लिए होंगे प्लॉट्स

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें उच्च आय वर्ग (HIG) के लिए बड़े प्लॉट्स के साथ-साथ निम्न आय वर्ग (LIG) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए भी प्लॉट उपलब्ध होंगे।

55.59 एकड़ में फर्स्ट फेज, जानें प्लॉट्स का साइज

पूरा न्यू कानपुर सिटी प्रोजेक्ट 450 एकड़ में (मैनावती मार्ग से सिंहपुर और कल्याणपुर के बीच) विकसित होगा, जिसके लिए करीब 70% जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। हालांकि, रेरा ने फिलहाल 55.59 एकड़ जमीन पर फर्स्ट फेज लॉन्च करने की मंजूरी दी है।

लेआउट में संशोधन के बाद पहले फेज में कुल 597 प्लॉट्स लॉन्च किए जाएंगे, जिनका साइज इस प्रकार होगा:

  • 269 प्लॉट्स: 162 वर्ग मीटर

  • 255 प्लॉट्स: 90 वर्ग मीटर

  • 50 प्लॉट्स: 47.5 वर्ग मीटर

  • 23 प्लॉट्स: 36 वर्ग मीटर

किन गांवों की जमीन पर बसेगा नया शहर?

न्यू कानपुर सिटी को बेरी अकबरपुर कछार, गंगपुर चकबदा, सिंहपुर कछार, हिंदूपुर और संभरपुर गांवों की जमीन पर बसाया जा रहा है। यहां 75 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है।

क्या होंगी कीमतें और सुविधाएं?

प्लॉट्स की आधिकारिक कीमतों पर फाइनल कॉस्टिंग का काम चल रहा है। अनुमान है कि कीमत 50,000 से 60,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर के बीच हो सकती है। केडीए जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा करेगा।

फर्स्ट फेज (55.59 एकड़) में शानदार सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है:

  • 21.77 एकड़: आवासीय क्षेत्र (Residential Area)

  • 12.95 एकड़: ग्रीन बेल्ट/पार्क

  • 11.57 एकड़: कम्युनिटी सुविधाएं (अस्पताल, पुलिस थाना आदि)

  • 8.74 एकड़: सड़कें

  • 0.57 एकड़: कमर्शियल गतिविधियां