‘कुत्ते को भी टिकट मिले तो वोट दें’, सपा MLC के बयान पर बवाल

Akhilesh-Yadav-4
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी (SP) के एमएलसी लाल बिहारी यादव का एक ऐसा बयान सामने आया है, जिससे राज्य की सियासत में भूचाल आ गया है। आगामी एमएलसी और 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आयोजित एक शिक्षक बैठक के दौरान उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव किसी कुत्ते के गले में भी घंटी बांधकर मैदान में उतार दें, तो सभी को उसी को वोट देना चाहिए। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन पर कड़ा हमला बोला है।

नेहरू हॉल में आयोजित हुई थी शिक्षकों की बैठक

आगामी चुनावों के मद्देनजर समाजवादी पार्टी लगातार संगठन को धार देने में जुटी है। इसी कड़ी में आजमगढ़ के नेहरू हॉल में शिक्षकों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया था, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद धर्मेंद्र यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को अपने पक्ष में लामबंद करना और आने वाले चुनावों के लिए समर्थन जुटाना था। इसी सभा को संबोधित करते हुए एमएलसी लाल बिहारी यादव ने पार्टी के प्रति निष्ता की हद पार करते हुए विवादित टिप्पणी कर दी।

बीजेपी ने बोला तीखा हमला, मांगी माफी

सपा एमएलसी के इस बयान पर बीजेपी ने जोरदार पलटवार किया है। बीजेपी नेता जयनाथ सिंह ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाताओं और जनता का सीधा अपमान करार दिया है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक एमएलसी और विधान परिषद के सम्मानित सदस्य द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग किया जाना बेहद निंदनीय और हास्यास्पद है।

बीजेपी नेता ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके सोच-समझकर अपना जनप्रतिनिधि चुनती है। किसी राजनीतिक दल द्वारा प्रत्याशी घोषित करने का यह मतलब नहीं होता कि जनता आंख मूंदकर किसी को भी वोट दे दे। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि यदि पार्टी किसी व्यक्ति को टिकट देती है, तो क्या उस तर्क के आधार पर वह व्यक्ति भी ‘कुत्ता’ हो जाता है? जयनाथ सिंह ने कहा कि जब मंच से यह बयान दिया गया, तब वहां सांसद और कई पूर्व मंत्री भी मौजूद थे। उन्होंने सपा एमएलसी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें अपने इस बयान पर तुरंत विचार करना चाहिए और आजमगढ़ की जनता व सर्व समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।