बिश्केक में मोदी-पेजेशकियान की मुलाकात, चाबहार पर फोकस

modi

बिश्केक (किर्गिस्तान): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (31 अगस्त 2026) को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों की समीक्षा की और क्षेत्रीय स्थिरता, व्यापार तथा सामरिक रूप से महत्वपूर्ण चाबहार बंदरगाह पर विस्तार से चर्चा की।

अमेरिका के वादों और क्षेत्रीय जंग पर पेजेशकियान का बयान

सरकारी और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान ने बैठक में कहा कि अमेरिका ने अपने वादों को पूरा नहीं किया है, इसके बावजूद ईरान एक अंतिम समझौते पर पहुंचने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता को मजबूत करने में भारत एक अहम भूमिका निभा सकता है।

पेजेशकियान ने कहा, ‘हम अब भी समझौते और आपसी समझ बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारा मानना ​​है कि युद्ध जारी रखने से न तो हमारे हितों को और न ही क्षेत्र या मानवता के हितों को कोई लाभ होता है।’ उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका में कुछ ऐसे तत्व हैं जो इस संघर्ष को बनाए रखना चाहते हैं। फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, बैठक में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े समुद्री सहयोग और चाबहार पोर्ट पर अमेरिकी प्रतिबंधों की छूट (जो 30 अगस्त 2026 को समाप्त हुई) पर भी विचार-विमर्श किया गया। गौरतलब है कि भारत ने दक्षिण-पूर्वी ईरान में स्थित चाबहार बंदरगाह के एक टर्मिनल के विकास में कम से कम 120 मिलियन डॉलर (12 करोड़ डॉलर) का निवेश किया है।

द्विपक्षीय सहयोग और रक्षा-व्यापार पर चर्चा

बैठक के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि दोनों नेताओं ने रक्षा, आर्थिक, फार्मा, विज्ञान एवं तकनीक, संस्कृति और शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने पश्चिम एशिया के हालात सहित तमाम क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

इससे पहले जून और मार्च के महीनों में भी प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेजेश्कियन के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें पश्चिम एशिया के सुरक्षा हालात और संघर्ष समाप्त करने के उपायों पर चर्चा की गई थी।

भारत-ईरान की पुरानी दोस्ती को और मजबूत करने का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “बिश्केक में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात हुई। हमने ईरान के साथ भारत की पुरानी दोस्ती को अलग-अलग क्षेत्रों में और मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया। हम आने वाले समय में अपने व्यापार के दायरे को बढ़ाना और उसमें विविधता लाना चाहते हैं। हमने क्षेत्र के मौजूदा हालात पर चर्चा की। भारत स्थायी शांति सुनिश्चित करने की दिशा में की जा रही सभी कोशिशों का समर्थन करना जारी रखेगा।”