‘हिंदू गुर्जर से शादी करें’, इकरा हसन पर नंद किशोर गुर्जर की टिप्पणी

ikra hasan
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानों को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। लोनी से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने सहारनपुर में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद इकरा हसन को लेकर विवादित टिप्पणी की है। इकरा हसन द्वारा खुद को गुर्जर बहुल इलाके में ‘समाज की बेटी’ बताए जाने पर निशाना साधते हुए विधायक ने उन्हें खुला चैलेंज दिया कि अगर वह वाकई खुद को समाज की बेटी मानती हैं, तो किसी हिंदू गुर्जर युवक से शादी करके दिखाएं।

चुनावी फायदे के लिए रिश्ता जोड़ने का आरोप

नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि इकरा हसन केवल चुनावी फायदे और वोट हासिल करने के लिए समाज के बीच जाकर रिश्तेदारी की बात कर रही हैं। विधायक के मुताबिक, राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह से किसी समाज से नजदीकी दिखाने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की बातें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन बाद में राजनीतिक रुख पूरी तरह से बदल जाता है।

‘पहल करें तो शादी कराने में हम करेंगे मदद’

बीजेपी विधायक ने अपने बयान में इकरा हसन को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह वास्तव में खुद को गुर्जर समाज से जोड़ती हैं, तो उन्हें इस रिश्ते को शादी के जरिए साबित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इकरा हसन किसी हिंदू गुर्जर युवक को पसंद करती हैं, तो समाज उनकी शादी कराने में मदद करने के लिए तैयार है। विधायक ने यह भी कहा कि गुर्जर समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले योग्य लोग मौजूद हैं, इसके लिए बस सांसद की तरफ से पहल होनी चाहिए।

इकरा हसन के किस बयान से शुरू हुआ विवाद?

इस पूरे विवाद की जड़ इकरा हसन का वह हालिया बयान है, जिसमें उन्होंने एक गुर्जर बहुल इलाके में जनसंपर्क के दौरान वहां मौजूद लोगों से पूछा था कि क्या वह उनकी बेटी नहीं हैं। इसी अपनापन जताने वाले बयान को आधार बनाकर बीजेपी विधायक ने अपना जवाब दिया है।

सपा ने जताई कड़ी आपत्ति, विधायक अपने रुख पर कायम

लोनी विधायक की इस टिप्पणी के बाद समाजवादी पार्टी ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। सपा मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। हालांकि, सपा के विरोध के बावजूद नंद किशोर गुर्जर अपनी बात पर कायम रहे। सपा की प्रतिक्रिया पर जवाब देते हुए विधायक ने दोहराया कि वह तो केवल समाज को जोड़ने की बात कर रहे हैं।

विवादित बयानों से रहा है पुराना नाता

नंद किशोर गुर्जर इससे पहले भी अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रह चुके हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने ‘वंदे मातरम’, ‘जय श्रीराम’ और ‘हर हर महादेव’ जैसे नारों का प्रमुखता से जिक्र किया था, जिसे लेकर काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। अब इकरा हसन की शादी को लेकर की गई उनकी ताजा टिप्पणी ने एक बार फिर उन्हें राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।