INDIA ब्लॉक का EC मार्च- आकाशवाणी भवन में कैसे पहुंच गए राहुल-प्रियंका

priyanka
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में मंगलवार को ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के सांसदों ने चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय तक मार्च निकाला। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस मार्च को बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन में घुसकर धरने पर बैठ गए हैं।

इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। विपक्षी दलों ने इस विरोध प्रदर्शन को ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ (Save Democracy March) नाम दिया है।

बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी, पुलिस ने लिया हिरासत में

संसद भवन से चुनाव आयोग तक करीब 3 किलोमीटर लंबे इस मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (SP), तृणमूल कांग्रेस (TMC) और NCP-SP सहित 19 दलों के लगभग 150 सांसद शामिल थे। नीति आयोग के दफ्तर के पास पुलिस ने पांच लेयर की बैरिकेडिंग लगाकर सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

आगे जाने की मांग पर अड़े राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी दोनों को हिरासत में लेकर एक वैन में बैठा लिया। हालांकि, कांग्रेस सांसदों ने पुलिस की बस का रास्ता रोक लिया, जिसके बाद राहुल और प्रियंका बस से उतरकर सीधे आकाशवाणी भवन में चले गए और वहां परिसर के अंदर धरने पर बैठ गए।

‘मैं भारत के लोकतंत्र को बचाना चाहता हूं’

आकाशवाणी भवन के अंदर से मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने चुनाव आयोग के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर जनप्रतिनिधि चुनाव आयोग से नहीं मिलेगा तो फिर लोकतंत्र का क्या मतलब है?”

राहुल ने आगे कहा, “मैं भारत के लोकतंत्र को बचाना चाहता हूं। आज सुबह से ही 300 सांसदों को रोक दिया गया। क्या ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछना गलत है? चुनाव आयुक्त हमसे मिलना क्यों नहीं चाहते हैं, पता नहीं इस देश में क्या हो रहा है।”

अखिलेश और अभिषेक बनर्जी भी हिरासत में

मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी समेत कई वरिष्ठ सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। समाजवादी पार्टी के सांसद ज़िया-उर-रहमान बर्क़ भी बैरिकेड पर चढ़ते हुए नजर आए।

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हम अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं। सरकार आजादी के बाद मिले वयस्क मताधिकार को खत्म करने की कोशिश कर रही है और CEC सरकार की कठपुतली है।”

आकाशवाणी भवन में भारी सुरक्षा बल तैनात

राहुल और प्रियंका गांधी के आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठने के बाद दिल्ली पुलिस ने परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के कई आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और दोनों नेताओं से बातचीत कर उन्हें वहां से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के पास जमा कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं को वहां से हटाना शुरू कर दिया है और इलाके में धारा-163 (पहले धारा 144) लागू होने का हवाला दिया है। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया है। वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी के आकाशवाणी भवन में जाने को ‘घुसपैठ’ करार देते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन पर निशाना साधा है।